उत्तराखंड: 3 लाख किमी से अधिक चल चुकीं 50 एंबुलेंस जल्द बदली जाएंगी, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश।

♦देहरादून संवाददाता।
देहरादून: प्रदेश में आपातकालीन ‘108’ एंबुलेंस सेवा को अधिक मुस्तैद और भरोसेमंद बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। तीन लाख किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुकीं करीब 50 पुरानी एंबुलेंस को तुरंत बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा सीधे जनता के जीवन से जुड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित समयसीमा और मानक पूरा कर चुके वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने को कहा।
निगरानी के लिए बनेगी विशेष टीम
सेवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत एक अलग निगरानी टीम गठित की जाएगी। यह टीम सेवा के संचालन का नियमित विश्लेषण करेगी। इसके साथ ही व्यवस्था की कमियों को दूर करने के लिए साप्ताहिक और मासिक स्तर पर विभागीय समीक्षा प्रणाली लागू की जाएगी।
हर केस का अलग विश्लेषण और नया ऐप
- केस-टू-केस ऑडिट: एंबुलेंस के पहुंचने के समय का आकलन केवल ‘औसत रिस्पांस टाइम’ से न होकर प्रत्येक कॉल के आधार पर किया जाएगा, ताकि देरी के सटीक कारणों की पहचान हो सके।
- उपकरणों की मासिक जांच: वाहनों में मौजूद सभी जीवनरक्षक उपकरणों की हर महीने तकनीकी जांच होगी और संबंधित अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी।
- ट्रैकिंग मोबाइल ऐप: मरीज की लोकेशन और स्थिति के आधार पर एंबुलेंस की आवाजाही ट्रैक करने के लिए एक नया मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा। सभी सरकारी एंबुलेंस को भी इस डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
वर्तमान में प्रदेश में 108 सेवा के तहत 272 एंबुलेंस और 250 से अधिक अन्य सरकारी एंबुलेंस संचालित हैं। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय सहित स्वास्थ्य एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

