berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

शराब की दुकान के विरोध में सड़कों पर बैठी महिलाएं ।

एनएचएल नेटवर्क📡

बेरीनाग के उडियारी बैंड कस्बे में शराब की दुकान खोलने की सुगबुगाहट से क्षेत्र की महिलाएं एक बार फिर सड़कों पर उतर आई । सोमवार को अस्कोट-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर ग्राम प्रधान हेमा महरा के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने बिच्छू घास के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आक्रोशित महिलाओं का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार झूठा आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि आबकारी विभाग द्वारा पुनः दुकान खोलने की विज्ञप्ति जारी की जा रही है। मौके पर पहुंचे दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या ने महिलाओं को दुकान न खोलने का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं दुकान को पूर्णतः निरस्त करने की मांग पर अड़ी रहीं। पूर्व विधायक मीना गंगोला ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर महिलाओं का समर्थन किया और जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक दुकान का प्रस्ताव निरस्त नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिगत बेरीनाग कोतवाली से भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की, ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट और महिला मंगल दल की अध्यक्ष ममता महरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Share This News