डालसा व कृषि विभाग ने दादनपुर में लगाया जागरुकता शिविर
न्यूज होम लाइव संवाददाता सुनील शर्मा
झज्जर, 03 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं किसान कल्याण विभाग ने मंगलवार को गांव दादनपुर में किसान एवं कानूनी जागरुकता शिविर का आयोजन किया। जिला एवं सत्र न्यायधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष कमल कांत के मार्गदर्शन में आयोजित जागरूकता शिविर में प्रगतिशील किसानों को कृषि एवं कल्याण विभाग के एस डी ओ श्री जगजीत सांगवान, एस एम एस एएसडीओ श्री रमेश लांबा तथा ए डी ओ श्री सुरेन्द्र डागर ने कृषि के विभिन्न पक्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता शर्मा ने किसानों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी तथा किसानों को ट्रैक्टरों व अन्य कृषि सयंत्रों का बिमा करवाने, किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठाने, फसलों का बीमा करवाने तथा मृदा स्वास्थय कार्ड बनवाने के बारे में जानकारी दी। डालसा सचिव ने कृषि विभाग की वेबसाइट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट नियमित रूप से देखे ताकि उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी परियोजनाओं का लाभ मिल सके। एएसडी जगजीत सांगवान ने धान की पराली न जलाने बारे किसानों को प्रेरित किया तथा किसानों के पूछे जाने पर उन्हें विभिन्न ऐसे संगठनों व व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी जो पराली की खरीद करते है। एस एम एस एसडीओ श्री रमेश लांबा ने किसानों को धान, कपास, ज्वार तथा बाजरा की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा इन फसलों में आने वाली बीमारियों को कैसे रोका जाए इस विषय में भी किसानों को बताया। एस एम एस एसडीओ श्री रमेश लांबा ने किसानों को कमयूनिटी फार्मिंग के लिए प्रेरित। इस अवसर पर किसानो 14.09.2019 को आने वाली तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई।

