berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

पिथौरागढ़-बागेश्वर सीमा पर सड़क सुधारीकरण के लिए ग्रामीणों का हुजूम, 1000 से अधिक लोगों ने बनाई मानव श्रृंखला।

बेरीनाग संवाददाता। 

बेरीनाग ​पौसा/कमस्यार घाटी: पिथौरागढ़ और बागेश्वर सीमा पर स्थित पौसा गांव में कमस्यार घाटी के निवासियों ने सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। तपती धूप की परवाह न करते हुए नौजवानों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत करीब 1000 से अधिक ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
​कच्ची सड़क से जनजीवन बेहाल
ग्रामीणों का कहना है कि महज 8 किलोमीटर लंबी यह सड़क लंबे समय से बदहाल और कच्ची पड़ी हुई है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाती है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
​दो विधानसभा क्षेत्रों के गांवों की एकजुटता
इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए बेरीनाग और कपकोट विधानसभा क्षेत्रों के दर्जनों गांवों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ग्रामीण पहुंचे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से पौसा, सुकल्याडी, पोस्तोला, महरुडी, दौलीगाड, नरगोली, चंतोला, खाती गांव, रावतसेरा, कपूरी, पैठाण, अठबिसिया, भद्रकाली, सानीउडियार, बेडालतिलडा, और भेटा धारी आदि गांवों के लोग शामिल रहे।
​प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी और चेतावनी
संघर्ष समिति के संरक्षक पूर्व प्रधानाचार्य मनोहर सिंह रौतेला और अध्यक्ष पूर्व प्रधानाचार्य डी.आर. टम्टा ने कहा कि जब तक डामरीकरण का काम शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, बागेश्वर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, कमस्यार महोत्सव समिति अध्यक्ष विनोद महरा, दीपक रौतेला, दीपक कालाकोटी, दीवान भौरियाल, अनिल रौतेला, पंकज डसीला, हयात डसीला, भगवान सिंह, कुंदन सिंह, मदन मोहन रावत, गोकुल, गोपा धपोला, और महिला प्रतिनिधियों में मीना रौतेला, आशा, कविता, बसंती, चांदनी, मुन्नी, अंजू, सुनीता, सरोज, शांति व माया सहित कई लोग मौजूद रहे।
​प्रशासनिक आश्वासन और डीपीआर तैयार
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। वहीं पीएमजीएसवाई (PMGSY) डीडीहाट के अधिशासी अभियंता ने मौके पर जानकारी दी कि यह सड़क पहले लोनिवि बेरीनाग के अधीन थी। अब सड़क पीएमजीएसवाई डीडीहाट को हस्तांतरित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सड़क की डीपीआर (DPR) तैयार कर शासन को भेज दी गई है और स्वीकृति मिलते ही जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Share This News