आसौदा की चौपाल में नवरात्रों के अवसर पर एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन
न्यूज होम लाइव संवाददाता सुनील शर्मा
गांव आसौदा की चौपाल में नवरात्रों के अवसर पर एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें गांव की काफी महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उप प्रधान व पार्षद डा. नीना सतपाल राठी ने शिरकत की। उन्होंने सबसे पहले यहां सजे माता रानी के दरबार में मत्था टेक पूजा अर्चना की और फिर चुनरी चढ़ाकर सभी के स्वस्थ, समृद्ध एवं उज्जवल भविष्य की कामना भी की। साथ में महिलाओं को उनके अधिकारों, मान-सम्मान व राजनीति में उनकी उचित भागीदारी सुनिश्चित किए जाने को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी पूरा हक लेकर ही रहेगी। इससे पहले उनका यहां पहुंचने पर आयोजकों की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान भजन मंडली की ओर से माता रानी के एक से बढक़र एक भजन गाए गए। मुख्यातिथि डा. नीना सतपाल राठी ने दरबार में मौजूद सभी महिलाओं को माता की चुनरी भेंट कर उनका सम्मान किया। इसकी शुरुआत उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर की। इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के साथ आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं और उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंच रही है। वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती है तो उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में हमें इससे डरने की जरूरत नहीं। अपने मेें आत्मविश्वास बढ़ाकर अपने मान-सम्मान, अधिकार व वोट का पूरा हक लेकर ही रहेंगी। महिलाओं को चूल्हा चौका छोडक़र हर क्षेत्र में आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए
जागरूक करना है। इसके लिए वे दिन-रात एक करके उन्हें दृढ़ बनाने में लगी हुई हैं ताकि देश की आधी आबादी को उनका पूरा हक मिले। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि जिस देश में महिलाएं सुरक्षित व शिक्षित होंगी वह देश तरक्की व विकासशील होगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के मान सम्मान, अधिकार व वोट की वोट की लड़ाई है और उनके इस सम्मान को हमें आगे लेकर जाना होगा। क्योंकि महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करती हैं। महिलाएं जागरूक होगी तो न केवल उनका भविष्य उज्जवल होगा बल्कि उनके अधिकार भी सुरक्षित रहेेंगे। किसी तरह का असुरक्षा का माहौल नहीं पैदा होगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कर रही हैं। जमीन से लेकर आसमान में नहीं बल्कि
अंतरिक्ष में भी उनके कदमों की छाप मौजूद है। जिस तरह से उनका कद बढ़ा हे तो वे अब अपने हक और उससे जुड़े कानूनों के बारे में भी जानना चाहती हैं। महिलाओं के प्रति समाज को अपने नजरिये में बदलाव लाना होगा। उनके प्रति सकारात्मक सोच रखने से ही समाज व देश का उत्थान होगा। डा. नीना सतपाल राठी ने गत 31 मार्च को गांव आसौदा में महिला कांग्रेस की ओर से हुए सम्मेलन को सफल बनाने पर उनका आभार भी जताया। इस मौके पर महिला कांग्रेस से ग्रामीण अध्यक्ष रेखा दलाल, शहरी अध्यक्ष राकेश देवी, राजरानी के अलावा सतपाल राठी, राजू नागपाल, जयकरण काला, रोहतास मलिक, मोंटी सोलधा, मनोज हुड्डा समेत काफी संख्या में महिलाएं व अन्य मौजूद रहे।
—

