पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में तीसरे दिन भी डटे रहे पीआरडी जवान, विभागों से हटाए जाने की सुगबुगाहट से भड़का गुस्सा।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़ ।साल भर रोजगार और सम्मानजनक वेतन की मांग को लेकर पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों का सब्र अब जवाब देने लगा है। टकाना स्थित रामलीला मैदान में जारी आंदोलन के तीसरे दिन शुक्रवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब क्रमिक अनशन पर बैठीं संगठन की अध्यक्ष दीपा सामंत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने तुरंत धरना स्थल पर ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया।
विभागों से हटाया तो दफ्तरों में होगा हल्ला बोल
धरने पर डटे जवानों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि कुछ सरकारी विभागों से पीआरडी कर्मियों को हटाने की तैयारी चल रही है। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि किसी भी विभाग से एक भी जवान को हटाया गया, तो आंदोलन का रुख सीधे संबंधित विभागीय कार्यालयों की ओर मुड़ जाएगा और वहां उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
क्या हैं जवानों की मुख्य मांगें?
आंदोलनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से केवल अनदेखी हो रही है। उनकी दो प्रमुख मांगें हैं:
365 दिन रोजगार: जवानों को साल के पूरे 365 दिन नियमित ड्यूटी दी जाए।
समान वेतन और भत्ता: होमगार्ड जवानों की तर्ज पर पीआरडी कर्मियों को भी मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA) दिया जाए।
धरने में ये रहे मौजूद:
प्रदर्शन में दिनेश भट्ट, दीपक भट्ट, पंकज गोस्वामी, सुनील कुमार, दीपक सिंह, रमेश प्रसाद, हयात सिंह, सुरेश लाल, देवेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, जगदीश, ममता, सूरज कुमार, सुंदर लाल, दीपक चंद्र, गिरीश चंद्र पंत, जनार्दन भट्ट, हंश राम, मदन मोहन, अर्जुन सिंह और रमेश राम सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान शामिल रहे।

