धारचूला के कुलागाड़ में बैली ब्रिज निर्माण का एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, बीआरओ को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश।

धारचूला संवाददाता।
धारचूला। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) योगेंद्र सिंह ने धारचूला तहसील अंतर्गत कुलागाड़ में निर्माणाधीन बैली ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बीआरओ अधिकारियों को स्पष्ट किया कि यह मार्ग स्थानीय निवासियों के आवागमन, पर्यटन गतिविधियों और प्रसिद्ध आदि कैलाश यात्रा के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पुल का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को तुरंत बहाल किया जा सके। कार्य में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

इसके साथ ही एडीएम ने सेना के सहयोग से तैयार किए गए अस्थायी पैदल मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनका आवागमन कराया जाए और संबंधित अधिकारी मौके पर लगातार मुस्तैद रहें।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदी से अतिरिक्त मलबा हटाने के निर्देश देते हुए एडीएम ने चेतावनी दी कि कार्य में कोताही या विभागीय लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी समस्या की स्थिति में स्थानीय लोग तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

