LatestNewsछत्तीसगढ़

नगाड़े के अपने पुश्तैनी कारोबार पर निर्भर है पूरा परिवार

न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारती

आदिकाल से रंगों का त्योहार होली में नगाड़ा का विशेष महत्व रहा है। नगाड़ा की विशेषता आज भी अनवरत कायम है, जिससे इसकी मान्यता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। पूर्वजों के नगाड़ा बनाने की परंपरा को व्यवसाय से जोड़कर मोतीसागरपारा में रहने वाले सागर परिवार ने अपनी माली हालत को पूरी तरह बदलकर रख दिया है।

परिवार के मुखिया सपूतलाल ने गरीबी में गुजरे दिन को याद करते हुए बताया कि जब हमारे पिता नगाड़ा बनाकर बाजार में बेचने जाते थे, ग्राहक बड़ी मुश्किल से एक जोड़ी का सौ रुपये दिया करते थे। उसी पैसे से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। पिताजी को नगाड़ा व मांदर जैसे अन्य वाद्ययंत्र को हाथों से मूर्तरूप देते हुए देखकर मन में इच्छा जागृत हुई कि मैं भी इसी तरह वाद्ययंत्र बनाना सीख जाऊं तो परिवार की गरीबी दूर हो जाएगी। यही सोच लिए सपूत ने अपने पिता के साथ खाल से बनने वाले वाद्ययंत्र बनाने की कला सीखी। मिट्टी व खाल से बनने वाले अनेक वाद्ययंत्र बनाने की विधि में महारथ हासिल कर अपने पिता के काम में हाथ बटाने लगा। कुछ समय बाद पिता का स्वर्गवास हो गया। पिता की अर्थी को कांधा देने के बाद सपूत को परिवार के भरण-पोषण की चिंता सताने लगी, तब अपने पिता के कार्य को अपना मुख्य व्यवसाय बनाकर वाद्ययंत्रों के निर्माण में जुट गया। शुरुआती दौर में दिन-रात मेहनत करने के बाद भी वह पांच नगाड़ा व दो मांदर ही तैयार कर पाता था। सपूत की कड़ी मेहनत को देखकर परिवार के सदस्य भी उसके काम में हाथ बटाने लगे हैं, जिससे आज सागर परिवार एक दिन में बीस से भी अधिक नगाड़ा तैयार कर लेते हैं। वाद्ययंत्र के कारोबार ने गरीबी की परिभाषा ही बदल दी है। गरीबी का रोना रोकर किस्मत को कोसने वालों को सपूत ने अपनी कड़ी मेहनत से ये जता दिया है कि सच्चे मन और तन से किया गया परिश्रम कभी भी खाली नहीं जाता, बल्कि सफलता उसकी कदम चूमती है।

युवा पीढ़ी को जोड़ना लक्ष्य

आज के वक्त में युवा पीढ़ी पुश्तैनी कार्य के प्रति अधिक रुचि नहीं दिखाते, यही कारण है कि आज भी मिट्टी व चमड़े के कार्य को करने से युवा वर्ग हिचकिचाते हैं। सपूत का मानना है कि आज के युवा वर्ग को साथ लेकर पूर्वजों के आशीर्वाद से मिले कला को अपनी मेहनत से शिखर तक पहुंचाएंगे, जिससे कि आने वाले समय में बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में अपना महत्वपूर्ण समय को न खोएं और स्वयं का व्यवसाय कर दूसरों को भी रोजगार से जोड़े सकें।

Share This News