पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी तथा स्वच्छता कर्मियों को क्षति पहुंचाने वालों के विरुद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) तथा आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्यवाही की जायेगी।
न्यूज होम लाइव नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये है कि लॉकडाउन का हरहाल में सख्ती से अनुपालन कराया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी तथा स्वच्छता कर्मियों को क्षति पहुंचाने वालों के विरुद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) तथा आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हेल्थ टीम के साथ पुलिस कर्मी भी तैनात रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाये कि जनता को आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो। इसके दृष्टिगत होम डिलीवरी की व्यवस्था को तेज करते हुए सप्लाई चेन को बनाये रखा जाये। सभी जरूरतमन्दों को तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, जो लोग किसी खाद्यान्न योजना से आच्छादित नहीं हैं, ऐसे लोगों को भी खाद्यान्न के साथ ही 1000 रुपये का भरण-पोषण भत्ता उपलब्ध कराया जाए। कम्युनिटी किचन व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जाए। फूड पैकेट के वितरण कार्य में प्रमाणित लोग ही रखे जाएं। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति इस कार्य में न लगाया जाए। उन्होंने जनपद पीलीभीत के कोरोना मुक्त होने पर संतोष जताया है।
लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में अवस्थी ने बताया कि हॉट स्पॉट क्षेत्रों को पूरी तरह से सील कर, आवागमन को पूरी सख्ती से प्रतिबंधित किये जाने के निर्देश दिये गये है। हॉट स्पॉट क्षेत्रों के बफरजोन (हॉट स्पॉट से जुड़े हुए क्षेत्र) में भी सेनेटाइजेशन एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये है। हॉट स्पॉट क्षेत्रों में केवल मेडिकल, सेनेटाइजेशन, सफाई कर्मी एवं डोर स्टेप डिलीवरी टीमों को ही आवागमन की अनुमति दी जाये। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में घर-घर सेनेटाइजेशन कराया जाये। कोरोना वायरस के संक्रमण को छुपाने एवं जानबूझकर न बताने वाले लोगों को चिन्हित कर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। ऐसे लोगों को प्रश्रय देने वालों और उनकी तलाशी में लापरवाही बरतने वाले सम्बंधित क्षेत्र के थानेदारों के विरुद्ध भी कार्यवाही की जायेगी।

