फायर यूनिट पिथौरागढ़ की त्वरित कार्रवाई: सड़क से पेड़ हटाकर बहाल किया यातायात।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। आपदा सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर यूनिट पिथौरागढ़ ने धारी-धमौड़, ग्राम स्यूनी रोड पर गिरे विशाल पेड़ को काटकर सड़क से हटा दिया और मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारु करा दिया। फायर ब्रिगेड की इस सतर्कता से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, आपदा कंट्रोल रूम पिथौरागढ़ द्वारा फायर स्टेशन को सुबह 07:01 बजे सूचना मिली थी कि धारी-धमौड़, ग्राम स्यूनी मार्ग पर एक पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी फायर यूनिट पिथौरागढ़ नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में फायर टीम बिना समय गंवाए तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आधुनिक वुडन कटर (चेन-सा) की मदद से सड़क पर पड़े पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर किनारे किया और मार्ग को आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाया।
फायर यूनिट की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, जिससे संभावित बड़ी असुविधा और जाम की स्थिति को समय रहते टाल दिया गया।

