FEATUREDGeneralLatestNewsppविश्वव

फिलिस्तीन में पदस्थ भारतीय राजदूत मुकुल आर्य का संदिग्ध परिस्थिति में निधन।

फिलिस्तीन में पदस्थ भारतीय राजदूत मुकुल आर्य का संदिग्ध परिस्थिति में निधन

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

फिलिस्तीन – फिलिस्तीन में पदस्थ भारतीय राजदूत मुकुल आर्य का संदिग्ध परिस्थिति में निधन हो गया है , उनका शव रामल्ला स्थित भारतीय दूतावास में मिला है। समाचार लिखे जाने तक उनके निधन की सही जानकारी सामने नहीं आती है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुकुल आर्य के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि फिलिस्तीन के रमल्ला में भारत के प्रतिनिधि मुकुल आर्य के निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा। वे एक उज्ज्वल और प्रतिभाशाली अधिकारी थे , उन्हें अभी बहुत कुछ पाना था। मैं दिल से उनके परिवार और प्रियजनों के लिये संवेदना व्यक्त करता हूं , ओम शांति। फिलिस्तीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय राजदूत मुकुल आर्य रमल्ला में स्थित भारतीय दूतावास में मृत पाये गये। मंत्रालय ने बताया कि इस दुखद खबर के सामने आते ही राष्ट्रपति महमूद अब्बास और प्रधानमंत्री मुहम्मद शतयेह की ओर से स्वास्थ्य और फोरेंसिक मेडिसिन मंत्रालय के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों को भी तत्काल निर्देश जारी किये गये कि वे तुरंत घटना स्थान पर पहुंचे और मामले पर नजर रखें। फिलिस्तीन के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक वे इस मामले को लेकर लगातार भारतीय विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं , ताकि मृतक राजदूत के पार्थिव शरीर को उनके देश पहुंचाने की व्यवस्था पूरी की जा सके। वहीं संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने भी राजदूत मुकुल आर्य की आकस्मिक मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुये कहा कि ये वाकई चौंकाने वाला है। एक अद्भुत सहयोगी ने इतनी छोटी उम्र में छीन लिया गया। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी मुकुल आर्य ने काबुल और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावासों में काम किया था। इसके अलावा वे पेरिस में यूनेस्को के लिये भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल में भी सेवायें दे चुके थे। वे नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में भी रह चुके थे। भारतीय विदेश सेवा जॉइन करने से पहले मुकुल आर्य ने दिल्ली यूनिवर्सिटी और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी। फिलहाल मुकुल आर्य लगातार भारत और फिलिस्तीन के संबंधों को मजबूत करने में लगे हुये थे। उन्होंने फिलिस्तीन के स्कूली बच्चों को भारत सरकार की ओर से मास्क और सैनेटाइजर भी प्रदान किये थे। इसके साथ ही उन्होंने इसी साल जनवरी में फिलिस्तीन के शिक्षा निदेशालय के साथ मिलकर स्वच्छता पखवाड़ा भी मनाया था। साथ ही वहां के स्कूलों का दौरा कर दोनों देशों में सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की थी। फिलिस्तीन के कई नेता मुकुल आर्य के काम की तारीफ कर चुके हैं। वे पिछले कुछ दिनों से फिलिस्तीन में भारतीय प्रतिनिधि के पद पर तैनात थे।

Share This News