LatestNewsछत्तीसगढ़

बिलासपुर पुलिस ने किया शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 लाख का सामान और एक देशी कट्टा बरामद

न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-

बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाते हुए बिलासपुर पुलिस ने शातिर चोर गिरोह को पकडऩे में सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने चोर गिरोह के आठ सदस्यों और खरीदार चार युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से पुलिस ने करीब 7 लाख रुपए का सामान और एक देशी कट्टा बरामद किया है।

बता दें कि जिले के ग्रामीण थाना मस्तुरी, बिल्हा और चकरभाठा इलाकों में पिछले कुछ महीनों से चोरी की वारदात सामने आ रही थी। पुलिस हर दिन की चोरियों से परेशान होकर संदेहियों पर नजर रख रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर एडिशनल एसपी विजय अग्रवाल ने क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की मदद से टीम गठित की। पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि बिल्हा इलाके के कुछ युवक शराब और गांजा के बहुत आदी हैं। वे अक्सर लूट और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाते हैं। पुलिस टीम ने इसे गंभीरता से लेते हुए संदेहियों के पुराने रिकार्ड खंगाले तो युवकों के आपराधिक रिकार्ड मिले। उसके आधार पर पुलिस ने संदेहियों की धरपकड़ की और अपराधियों से अलग-अलग पूछताछ की। आरोपी युवक जयकिशन धृतलहरे और जयकिशन राजपूत ने चोरी करना कबूल किया। वहीं घटना में शामिल आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उनके पास से करीब 7 लाख रुपए के सामान जब्त किए।

बैंक के कैशवैन को बनाने वाले थे निशाना

एडिशनल एसपी विजय अग्रवाल बताया कि ये शातिर चोर नशे के आदी हैं। कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के ख्वाब में एक देशी कट्टा रखे हुए हैं जिसके दम पर बैंक के कैशवैन को निशाना बनाने वाले थे। एटीएम मशीन में पैसे डालने वाली गाड़ी को भी लूटने की पूरी तैयारी थी। घटना को अंजाम देने से पहले ही बिलासपुर पुलिस ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share This News