मांगों का समाधान न होने पर आंदोलित हुए जूनियर हाईस्कूल शिक्षक, 5 सितंबर को मनाएंगे ‘काला दिवस’

पिथौरागढ़ संवाददाता
पिथौरागढ़: राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ (जनपद- पिथौरागढ़, उत्तराखंड) ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों का समाधान न होने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ फिर से आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर कोई कार्रवाई न होने के कारण अब सितंबर माह से चरणबद्ध आंदोलन और कार्यों का बहिष्कार शुरू किया जा रहा है।
शिक्षक संघ की प्रमुख घोषणाएं और निर्णय:
5 सितंबर को ‘काला दिवस’: शिक्षक दिवस (5 सितंबर) को विरोध स्वरूप ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं अपनी बाईं बांह पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे।
विधानसभा घेराव व मुख्यमंत्री आवास कूच: आगामी विधानसभा सत्र के दौरान शिक्षक विधानसभा घेराव और मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। इस कार्यक्रम की तिथियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
ऑनलाइन और गैर-शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार: अत्यधिक ऑनलाइन और गैर-शैक्षणिक कार्यों से पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देते हुए संघ ने शिक्षण कार्य के अलावा अन्य किसी भी ऑनलाइन कार्य, ऑनलाइन प्रशिक्षण, बैठकों और गैर-शैक्षणिक कार्यों के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया है।
सोशल ऑडिट का कड़ा विरोध: संघ ने सोशल ऑडिट का कड़ा विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि सोशल टीम विद्यालयों और शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बना रही है, जबकि पहले से ही एजी ऑडिट और आंतरिक ऑडिट होता आ रहा है।
लिखित आश्वासन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
संघ के जिला अध्यक्ष लाल सिंह डसीला और महामंत्री जगदीश प्रसाद ने बताया कि 8 जून को विशाल गर्जना रैली के अवसर पर शासन ने मांगों के निस्तारण का लिखित आश्वासन दिया था। हालांकि, इसके बावजूद न तो वार्ता की गई और न ही किसी मांग का हल निकाला गया।
इसी के विरोध में संघ की कोर कमेटी और प्रदेश बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेकर स्थगित आंदोलन को पुनः शुरू करने का फैसला लिया गया है।

