पिथौरागढ़: 93 वर्षीय बुजुर्ग लापता, रामगंगा नदी के पास गहरी खाई में मिले कपड़े व लाठी, पुलिस व SDRF का सर्च अभियान जारी।

थल संवाददाता।
थल (पिथौरागढ़): थाना थल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तड़ीगांव से बीते 1 सितंबर से लापता 93 वर्षीय बुजुर्ग शेर राम की खोजबीन के लिए थाना थल पुलिस और SDRF की टीम द्वारा संयुक्त रूप से सघन रेस्क्यू व सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तड़ीगांव निवासी श्याम राम विश्वकर्मा ने 4 सितंबर को थाना थल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता शेर राम (93 वर्ष) 1 सितंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे घर से टहलने निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
खाई में मिले कपड़े, राखी और लाठी
शुक्रवार को परिजनों को कोटाल ताल क्षेत्र स्थित रामगंगा नदी के ऊपर एक गहरी खाई की झाड़ियों में लाठी, कपड़े और अन्य सामान दिखाई देने की सूचना मिली। परिजनों की ओर से मिली जानकारी के आधार पर थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण अपर उपनिरीक्षक सुन्दर सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम को विशेष रेस्क्यू उपकरणों के साथ बुलाया गया।
SDRF जवानों ने उपकरणों की मदद से गहरी खाई में उतरकर तलाशी ली। मौके से मिली खाकी पैंट, चैकदार शर्ट, गुलाबी राखी और लाठी की पहचान परिजनों ने लापता बुजुर्ग शेर राम के सामान के रूप में की। पुलिस ने ई-साक्ष्य ऐप के जरिए वीडियोग्राफी कर सभी सामान को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने बुजुर्ग की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम आसपास के दुर्गम इलाकों और नदी किनारे लगातार तलाश में जुटी हुई है, हालांकि अभी तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

