मुख्यमंत्री धामी ने ‘युवा संकल्प दिवस’ पर युवाओं को दिया तीन संकल्पों का मूलमंत्र; कहा—’विकसित उत्तराखंड’ की आधारशिला है युवा शक्ति।

देहरादून संवाददाता।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में शिरकत की। अपने जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और युवाओं की ऊर्जा को राज्य के विकास का सबसे बड़ा आधार बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल जैसे हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के पारदर्शी अवसर दे रही है, ताकि उन्हें मजबूरी में पलायन न करना पड़े। पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का फैसला लिया गया है।
युवा आयोग का गठन और नकल विरोधी कानून
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘राज्य युवा आयोग’ का गठन युवाओं की आकांक्षाओं को सीधे नीति निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा, राज्य में लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी युवा की मेहनत और उसके अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होने देगी।
युवाओं से माँगा ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से तीन मुख्य संकल्प लेने का आह्वान किया:
बड़ा लक्ष्य: जीवन में एक बड़ा लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें।
नशा मुक्ति: स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी जागरूक करें।
उत्तराखंड का विकास: भविष्य में चाहे जिस भी क्षेत्र में सफलता मिले, अपने ज्ञान और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा राज्य की प्रगति में अवश्य योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह भी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

