मुख्यमंत्री ने किया चक्रधर समारोह का शुभारंभ
मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायगढ़ — मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर रायगढ़ में 35वें अखिल भारतीय चक्रधर समारोह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने समारोह में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और महाराज चक्रधर सिंह के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। मुख्यमंत्री ने समारोह का सम्बोधित करते हुये कहा कि राजा-महाराजाओं ने भले ही अनेक युद्ध जीते होंगे लेकिन रायगढ़ के महाराज चक्रधर सिंह ने अपनी संगीत और नृत्य कला की समृद्ध और गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण कर लोगों का दिल जीता। इसलिये संगीत, नृत्य, कला के इस अखिल भारतीय समारोह का आयोजन महाराज चक्रधर सिंह के नाम पर किया जाता है। चक्रधर समारोह के माध्यम से रायगढ़ की संस्कृति और विरासत की देशव्यापी पहचान स्थापित हुई है। बघेल ने लोगों को गणेश चतुर्थी की बधाई और शुभकामनायें देते हुये कहा कि सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्रीय चेतना जागृत करने और लोगों को एकजुट करने के लिये सार्वजनिक गणेश उत्सवों की शुरूआत की थी जो परंपरा आज भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक पर्वों को उत्साह के साथ मनाने की पहल की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह में प्रस्तुति देने के लिये आये गजल गायक मनहर उदास और कत्थक नृत्यांगना श्रीमती महुआ शंकर को सम्मानित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल, विधायक धरमजयगढ़ एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अधक्ष लालजीत सिंह राठिया, विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक, विधायक लैलूंगा चक्रधर सिंह सिदार, विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, विधायक भिलाई देवेन्द्र यादव, राजपरिवार के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे।

