FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

विजयादशमी पर पिंडर घाटी के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा में विधि-विधान से कटी हरियाली।

​थराली (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट ): शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के समापन पर विजयादशमी का त्योहार पिंडर घाटी में पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने नवरात्र के प्रथम दिन बोई गई हरियाली को विधि-विधान से काटकर मां भगवती को अर्पित किया और सुख-समृद्धि के आशीर्वाद के रूप में स्वयं भी धारण किया। इसके साथ ही लोगों ने अपने घरों के पूजा-स्थलों पर भी परंपरा अनुसार हरियाली काटकर देवताओं को चढ़ाई।

​प्रसिद्ध नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा (थराली) में विजयादशमी के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। यहां भव्य हवन एवं यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नंदा भक्तों ने आहुतियां दीं। मंदिर परिसर में नौ दिन पूर्व बोई गई हरियाली को मंत्रोच्चार के बीच काटकर पहले मां नंदा को समर्पित किया गया, जिसके बाद प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। अनुष्ठान के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

​देवराड़ा मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्य नंदा देवी सिद्धपीठ कुरुड़ के गौड़ पुजारी मंशा राम गौड़, पारेश्वर गौड़, योगेश्वर गौड़ और सुनील गौड़ द्वारा संपन्न कराया गया।

​इस धार्मिक आयोजन व भंडारे को सफल बनाने में मंदिर समिति देवराड़ा के अध्यक्ष भुवन हटवाल, सचिव बिरेंद्र गुसाईं, थराली प्रमुख प्रवीण पुरोहित, रणजीत सिंह रावत, जगदीश पुरोहित, सभासद मनोज गुसाईं, केदार पंत, मदन गुसाईं, प्रेम गुसाईं, दर्शन शाह और भगवत भंडारी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दिनभर क्षेत्र के मंदिरों में पूजा-अर्चना और माता के जयकारों की गूंज बनी रही।

Share This News