विधान परिषद चुनाव : सभी 11 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी, सिर्फ ऐलान बाकी

पटना/न्यूज़ लाइव डेस्क:–
पटना. विधानपरिषद चुनाव में सभी 11 उम्मीदवारों की जीत तय है। वोटों के हिसाब से जीत की औपचारिक घोषणा बची है, जो 19 अप्रैल को पूरी हो जाएगी। इस दिन नाम वापसी की आखिरी तारीख है। सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के अलावा डॉ.संजय पासवान, खालिद अनवर, रामेश्वर महतो तथा कांग्रेसी उम्मीदवार प्रेमचंद मिश्रा ने नामांकन किया। जदयू-भाजपा के उम्मीदवारों ने एकसाथ नामांकन किया। राबड़ी देवी समेत राजद के चार उम्मीदवार (डॉ.रामचंद्र पूर्वे, खुर्शीद मोहसीन, संतोष मांझी) पहले ही नामांकन कर चुके हैं।
*नीतीश, मोदी समेत एनडीए-कांग्रेस के 7 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन*
विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत जदयू, भाजपा और कांग्रेस के सात उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। परिषद चुनाव के नामांकन दाखिल किए जाने का सोमवार को आखिरी दिन था। बिहार में खाली हुई परिषद की 11 सीटों के लिए इतने ही नामांकन हुए। इसी के साथ सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन होना तय है। 19 अप्रैल को नाम वापसी की आखिरी तारीख है। अगर उस दिन तक किसी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया तो अपराह्न साढ़े तीन बजे सभी उम्मीदवारों को निर्वाचन का प्रमाणपत्र दे दिया जाएगा।

