LatestNewsTOP STORIESuttarakhandउत्तराखंडहल्द्वानी न्यूज लाईन ब्यूरो

विवाह से पूर्व उत्तराखण्ड़ के इस पर्वत पर शिवजी ने की थी, गणेश पूजा

🌹जय श्री गणेश चतुदर्शी की हार्दिक

शुभकामनाएं

बदहाली की दास्तां बयां करता पर्वतों में प्रथम पूज्य गण पर्वत पहाड़ों में तीर्थाटन को लगाघुन

न्यूज होम लाइव के लिए रमाकान्त पंत की खास रिर्पोट

गणनाथ/ताकुला/ देवभूमि उत्तराखंड में तीर्थाटन का पौराणिक काल से विशेष महत्त्व रहा है ।पुरातन काल में इसे मानस खंड और केदार खंड के नाम से जाना जाता था जिन्हें आज हम क्रमशः कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के नाम से पुकारते हैं ।राष्ट्रीय एकता के प्रतीक चार धाम यहां की पावन भूमि में सुशोभित है शक्ति पीठ एवं शिवालयों की धरती उत्तराखंड संसार का एकमात्र ऐसा पावन स्थल है जहां प्रत्येक गांव का अपना ग्राम देवता है ।परंतु सभी देवताओं के प्रति सभी लोगों के हृदय में आस्था का भाव समान रुप से झलकता है। यही वह भूमि है जहां लोगों ने अपने पुरखों की पूजा कर उन्हें देवत्व की पदवी प्रदान की है ।शिव शक्ति के अनेक रूपों की पूजा से लेकर भूमिया व कुल देवताओं की पूजा के लिए प्रसिद्ध देवभूमि उत्तराखंड में संपूर्ण देवताओं के सम्मान के प्रति समत्व का भाव सभी देवीय शक्तियों के प्रति अभेद स्वरूप को दर्शाता है ।इस पावन भूमि में जहां केदारनाथ , बद्रीनाथ ,गंगोत्री ,यमुनोत्री जैसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है वहीं हेमकुंड साहिब , रीठा साहिब ,नानकमत्ता साहिब जैसे सिक्खों के तीर्थ स्थल भी सदियों से आध्यात्म की विराट गाथा को गातें हैं। गंगोलीहाट की महामाया महाकाली जैसी देवियों के भांति भांति स्वरूप यहां व्याप्त हैं यही कारण है कि उत्तराखंड में तीर्थाटन सांसारिक और आध्यात्मिक दोनों ही दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहा है । इन सब पावन स्थलों में एक ऐसा पावन स्थल उत्तराखंड की धरती में मौजूद है ,जहां प्रथम पूज्य गणेश जी का वास है यही वह स्थान है जहां विवाह से पूर्व भगवान शिव ने श्री गणेश की पूजा की थी । इस गण पर्वत की महिमा का बखान स्कंद पुराण में विस्तार के साथ मिलता है। सनातन धर्म में देवताओं में प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की वन्दना के बिना सारी वन्दनायें, पूजा, स्तुति सब व्यर्थ व फलहीन कहीं गई हैं। किसी भी प्रकार की मनोरथ की सिद्धि के लिए इनकी उपासना जरूरी है। स्वंय भगवान शिव ने अपने मनोरथ की सिद्वि के लिए यहां गणेश जी की पूजा की इस महान रहस्य को स्कंद पुराण में व्यास जी ने मानस खण्ड के 68 वें अध्याय में प्रकट किया है। कल्याण के रूप में अपनी विराट लीला को प्रकट करने वाले श्री शिवजी द्वारा श्री गणेश पूजा के महात्म्य को अनेक ऋषिगणों ने महर्षि व्यास जी से जानने की इच्छा प्रकट करते हुए पूछा, हे! महर्षि ब्रह्मदेव सहित समस्त देवों से सेवित जागेश्वर को छोड़ भगवान शंकर ने गण पर्वत पर गणेश जी का पूजन किस प्रयोजन से किया और विवाह संस्कार के लिए भी भगवान शिवजी जागेश्वर को छोड़कर अन्यत्र किसलिए गये। भगवान शिव के इस महान रहस्य को बतलाकर हमें धन्य करें। ऋषियों द्वारा पूछे जाने पर परम ज्ञानी ऋषि वेद ब्यास जी ने कहना आरंभ किया कि सती के दूसरा जन्म लेने पर अनेक देवताओं व महानुभावों के कहने पर भी शिवजी दूसरा विवाह करने के लिए राजी नहीं हुए। समय के उसी चरण में तारकासुर का घोर आतंक छाया हुआ था। सभी चिंतित देवगण ब्रह्मा जी की शरण में गये। ब्रह्मा जी व इन्द्रादि देवता कामदेव के साथ ध्यानस्थ शिव का ध्यान तोड़ने उनके समीप पहुंचे। कामदेव ने उन्हें ध्यान से जगाया। ध्यान भंग होने के कोपभाजन में कामदेव को शिव लीला की चपेट में आकर भस्म होना पड़ा। देवी रति की प्रार्थना पर भगवान शिव ने उसे वरदान देते हुए कहा कि कामदेव द्वापर युग में योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण के पुत्र प्रदुम्न के रूप में जन्म लेकर अनेक राक्षसों सहित समरासुर का वध करेंगे, तभी तुम्हारा मिलन होगा। आगे देवताओं ने अपनी विनती शिवजी के सम्मुख रखते हुए कहा, हम सभी देवगण तारकासुर से त्रस्त हैं। हमें उसके आतंक से मुक्ति दिलाएं। देवताओं की विनती पर उन्होंने देवी गिरिजा के साथ विवाह करने की हामी भर दी ताकि उनसे उत्पन्न पुत्र तारकासुर का वध कर सुख शांति करा देगा। तत्पश्चात शिवजी तथास्तु कहकर हिमाचल के घर को चल दिये। रास्ते में उनके प्रमुख गण ने * 🌹भगवान शिव से विघ्ननाशार्थ गण पर्वत पर गणेश जी का पूजन करने को कहा। शिवजी को यह बात बहुत भायी। ऋषियों ने आगे पूछा तपोधन गणाध्यक्ष एवं उनके पूजन की महिमा भी बतायें
इस महिमा का बखान करते हुए ब्यास जी ने ऋषियों को बतलाते हुए कहा, इस लोक में मानवों के समक्ष अनेक विघ्न-बाधायें आती हैं ,जिस कारण मनुष्य के कार्य बिगड़ते रहते हैं। इन विघ्नों को दूर करने के लिए विश्वकर्मा ने गणेश जी की प्रतिमा पर्वत के अग्रभाग में गढ़ी है। महादेव जी ने उस पर्वत को प्रणाम कर निर्विघ्न हेतु श्री गणेश जी का पूजन किया।
🌹जो लोग इस पवित्र प्रतिमा का पूजन करते हैं उनके सब विघ्न दूर हो जाते हैं। तत्पश्चात ही आगे शिवजी की पूजा का विधान है। इनकी पूजा के बिना शंकर भगवान की पूजा अर्चना व्यर्थ है पूजा कर्मों में भी श्री गणेश जी का पूजन सर्वप्रथम होता है। गन्ध, पुष्प, अक्षत, दूर्वा और धूप आदि से गणेश जी का पूजन कर मानव समस्त दुःखों से मुक्त रहता है। यहीं गणिकेश के रूप में शिवजी का भी पूजन किया जाता है। यहां गिरिजा देवी का पूजन करने से मनुष्य को सत्यलोक की प्राप्ति होती है। कुमाऊं की धरती में गणनाथ का मंदिर जनपद अल्मोड़ा के ताकुला क्षेत्र में पड़ता है। इस देव दरबार को सनातन काल से लोग पूजते आये हैं।इस मंदिर के प्रति आस्था रखने वाले गणेश जी के परम भक्त 🌹दिनेश त्रिपाठी कहते है।भगवान गणेश स्वयं रिद्धि-सिद्धि के दाता और शुभ-लाभ के प्रदाता हैं, वे भक्तों की बाधा, संकट, रोग-दोष तथा दरिद्रता को वे सदैव तत्पर रहते है। इनकी पूजा का विशेष दिन बुधवार है। लेकिन इस दरबार में पहुंच कर इनकी पूजा-अर्चना कभी भी की जा सकती हैइनका बीज मन्त्र है। 🌹जनपद मुख्यालय अल्मोड़ा से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भगवान श्री गणेश जी को समर्पित गणनाथ जी का आध्यात्मिक दृष्टिकोण से जितना महत्व है व अवर्णनीय है। लेकिन विकास की दृष्टि से यह क्षेंत्र उतना ही उपेक्षित भी है । इस मंदिर की महिमां के बारे में स्कंद पुराण में विस्तार के साथ पढ़ा जा सकता है । गणनाथ जी की चोटी का सौंदर्य बड़ा ही मनभावन है आसपास ग्राम देवताओं के मंदिर धार्मिक आस्था को रेखांकित करते नजर आते हैं। जनपद अल्मोड़ा की ताकुला व रनमन की पहाड़ियों के मध्य स्थित यह देव दरबार आध्यात्मिक दृष्टि से जितना महत्वपूर्ण है विकास की दृष्टि से उतना ही उपेक्षित यदि इस स्थल को धार्मिक तीर्थाटन के रूप में विशेष रूप से मान्यता मिल जाए तो यह स्थान प्रथम पूज्य स्थानों में विश्व में स्थापित हो सकता है। जिस स्थान पर आकर स्वयं शिव ने श्री गणेश जी की पूजा की हो उस स्थान की महिमा का बखान आखिर शब्दों में कौन समेट सकता है।कुमाऊं व इससे बाहर निवास करने वाले प्रवासियों का हृदय गणनाथ जी के प्रति अगाध श्रद्वा भावना से नतमस्तक हो जाता है। इस पावन नाम का स्मरण महान् फलदायी माना जाता है। जिस तरह अग्नि की लौ पाते ही तिनका भस्म हो जाता है, उसी प्रकार गणनाथ जी के नाम का जाप करने से समस्त पापों का हरण हो जाता है।पलायन की पीड़ा से आस-पास के गांव अब धीरे-धीरे खाली होने लगे हैं किंतु दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में अपने इष्ट देव के प्रति आंचल व गहरी आस्था है।

Share This News