सातूं-आठूं महोत्सव का भव्य समापन: विधायक चुफाल ने समिति को 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सातूं-आठूं महोत्सव का भव्य समापन:

थल (अर्जुन रावत): मुवानी घाटी में आयोजित चार दिवसीय सातूं-आठूं महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। चार दिनों तक चले इस महोत्सव में क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी जीवनशैली की अनुपम छटा देखने को मिली।

समारोह के अंतिम दिन विभिन्न सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीत, चांचरी और प्रसिद्ध हिलजात्रा पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की चांचरी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव के दौरान विशेष रूप से बनाई गईं हिरन और चीतल की प्रतिकृतियां लोगों के बीच भारी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की खासी भीड़ जुटी।

मुख्य अतिथि विधायक विशन सिंह चुफाल ने अपने संबोधन में कहा कि सातूं-आठूं जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है। विधायक ने स्थानीय संस्कृति और आयोजनों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताते हुए महोत्सव समिति को अपनी विधायक निधि से 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिसका क्षेत्रीय जनता और आयोजन समिति ने जोरदार स्वागत किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश बम ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, स्थानीय निवासियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मुवानी हनी सिंह, ग्राम प्रधान जगत सिंह मेहता, समिति के कोषाध्यक्ष संजय लाल वर्मा, दीपक काकी, भाजपा मंडल महामंत्री दीपक कार्की, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नवीन बसेड़ा, प्रेम बसेड़ा, राधिका पुजारा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन हंश पाल ने किया।

