FEATUREDLatestNewsTOP STORIESछत्तीसगढ़

आज करवाचौथ विशेष — राष्ट्रीय सूचना प्रसारण आयुक्त अरविन्द तिवारी की कलम✍से

मुकेश भारती की रिपोर्ट

रायपुर — करवा चौथ हर वर्ग, आयु , जाति के हिन्दू सुहागिन महिलाओं द्वारा मनाया जाने वाला प्रमुख त्यौहार है जो कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है जिसे कर्क चतुर्थी भी कहते हैं। आज करवा चौथ में 70 सालों बाद चार बेहद शुभ संयोग पड़ रहा है। आज रोहिणी नक्षत्र के साथ मंगल का योग है जो सुहागिनों के लिये अत्यंत मंगलकारी संकेत दे रहा है। इसके अलावा रोहिणी नक्षत्र और चंद्रमा में रोहिणी का योग होने से मार्कण्डेय और सत्याभामा दोनों शुभ योग भी इस करवा चौथ पर बन रहे हैं। इस व्रत को पहली बार करवा चौथ यानी नवविवाहिता महिलाओं के लिये बहुत अच्छा फलदायी बताया जा रहा है। आज के दिन सभी सुहागिन स्त्रियाँ सोलह श्रृंगार करके अपने पति की लम्बी उम्र, स्वास्थ्य व सौभाग्य की कामना के लिये यह व्रत रखती हैं जो बहुत ही कठिन होता है। इस व्रत अवधि में जल भी ग्रहण नही किया जाता अर्थात निर्जला रखा जाता है। यह व्रत सूर्योदय से पहले और चाँद निकलने तक रखा जाता है। चाँद निकलने पर शिव परिवार की पूजन और चंद्रमा को देखने के बाद ही व्रत खोला जाता है। इस दिन खास तौर पर गणेश जी का पूजन होता है और उन्हें ही साक्षी मानकर ब्रत शुरु किया जाता है। गणेश जी को चतुर्थी का अधिपति देव माना गया है। पूजा करते और कथा सुनते समय सींक रखने की परंपरा है जो करवा माता की उस शक्ति का प्रतीक है जिसके बल पर उन्होंने यमराज के सहयोगी भगवान चित्रगुप्त के खाते के पन्नों को उड़ा दिया था। पूजन के पश्चात अर्घ्य दिये जाने का विधान है। करवा यानि मिट्टी का एक प्रकार का बर्तन जिसके द्वारा चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है , यहां अर्घ्य का मतलब चंद्रमा को जल देने से है। इस व्रत में चंद्रमा को अर्ध्य देकर छलनी से चंद्रमा को देखने के बाद पति को देखते है। इसके बाद पति अपने पत्नी को अपने हाथों से पानी पिलाकर व्रत खुलवाते हैं। चंद्रमा के माता का कारक होने की वजह से करवाचौथ के दिन किसी भी महिला को अपनी सास, मांँ या फिर दूसरी महिला का अपमान नहीं करना चाहिये। करवा चौथ वाले दिन महिलायें सफेद रंग की चीजें जैसे दही, चावल, दूध या फिर सफेद रंग का कपड़ा किसी को न दें क्योंकि सफेद रंग चंद्रमा का कारक माना जाता है। इस दिन इन चीजों का दान करने से आपको आपकी पूजा का फल नहीं मिलेगा। इस दिन महिलायें काले, नीले और भूरे रंग के कपड़े पहन कर पूजा ना करें इससे उसको पूजा का फल नहीं मिलता है।

सोलह श्रृंगार क्या है ?

करवाचौथ के दिन विवाहित महिलाओं को पूर्ण श्रृँगार के साथ तैयार होना चाहिये। मान्यता है कि पूर्ण श्रृंगार में 16 तरह के श्रृंगार महत्वपूर्ण होते हैं जिनमें सिंदूर, मंगलसूत्र, बिंदी, मेंहदी, लाल रंग के कपड़े, चूड़ियांँ, बिछिया, काजल, नथनी, कर्णफूल (ईयररिंग्स), पायल, मांग टीका, तगड़ी या कमरबंद, बाजूबंद, अंगूठी, गजरा।

पति की लंबी उम्र के लिये सुहागिनों को प्रार्थना के साथ इस मंत्र का उच्‍चारण करना चाहिये —

‘ऊॅ नम: शिवायै शर्वाण्यै सौभाग्यं संतति शुभाम। प्रयच्छ भक्तियुक्तानां नारीणां हरवल्लभे ।।
 

Share This News