LatestNewsराष्ट्रीय

आसाराम बापू समेत तीन आरोपी दोषी करार।

न्यूज लाइव डिजिटल टीम जोधपुर :-

नाबालिग से रेप मामले में आसाराम बापू पर फैसला सुनाया जा चुका है। इस मामले में आसाराम दोषी करार हुआ है। आसाराम समेत 5 में से तीन आरोपियों को भी दोषी करार दिया गया है। दो सह आरोपियों को बरी कर दिया गया है। आसाराम समेत बाकी दोषियों पर अभी सजा का ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि आसाराम को कम से कम 10 साल की सजा हो सकती है। आसाराम को दोषी करार दिये जाने के बाद पीड़िता के पिता ने कहा कि, ‘आसाराम दोषी करार दिए गए। हमें इंसाफ मिला है। इस लड़ाई में हमारा साथ देने वाले सभी लोगों को हम धन्यवाद करते हैं।’ वहीं आसाराम की प्रवक्ता ने कहा कि हम आगे की कार्रवाई के लिए अपने लीगल टीम से चर्चा कर रहे हैं, हमें अपनी न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है।

इससे पहले जोधपुर कोर्ट पर सबकी निगाहे लगी हुई थीं। पीड़िता व उसके परिजन जहां आसाराम को कड़ी से कड़ी सजा की उम्मीद कर रहे थे। वहीं इस आध्यात्मिक गुरु के समर्थक उसके बरी होने की उम्मीद में थे।  गुजरात के अहमदाबाद स्थित आसाराम आश्रम में भक्त अपने बापू मंगलवार से ही हवन कर रहे थे। जोधपुर कोर्ट में सुनवाई का समय सुबह साढ़े आठ बजे तय किया गया था। तय समय से सुनवाई शुरू हुई। फैसले को लेकर आसाराम के समर्थक कहीं उपद्रव ना शुरू कर दें इसे देखते हुए जोधपुर शहर को किले में तब्दील कर दिया गया है।

आसाराम के खिलाफ जोधपुर की एक अदालत से बुधवार को फैसला सुनाए जाने से पूर्व राजस्थान, गुजरात और हरियाणा को सुरक्षा कड़ी करने और अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा है। उधर जोधपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक संदेश जारी कर तीनों राज्यों से सुरक्षा मजबूत करने को कहा है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया है कि अदालत के आदेश के बाद कोई हिंसा न फैले।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की एक नाबालिग लड़की ने आसाराम बापू पर जोधपुर के बाहरी इलाके में स्थित अपने आश्रम में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए गए थे। जिस समय पीड़िता आश्रम में रह रही थी, वह 16 साल की थी। दिल्ली के कमला मार्केट थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था, जिसे बाद में जोधपुर स्थानांतरित कर दिया गया। आसाराम पर पॉक्सो और एससी/एसटी ऐक्ट के तहत कानून की धाराएं लगाई गई हैं। आसाराम को जोधपुर पुलिस ने 31 अगस्त 2013 को गिरफ्तार किया था और तब से वह जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।

Share This News