किसानों के लिये गाय का अहम स्थान है – चरणदास महन्त।
किसानों के लिये गाय का अहम स्थान है – चरणदास महन्त
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कोरबा — विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.० चरणदास महंत अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान आज कोरबा पहुंँचे। उनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास भी प्रवास पर है। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम केंदई में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंँचे डॉ. महंत व रामसुंदर दास ने गौ सेवा को अनुकरणीय कार्य बताया। डॉ. महंत ने कहा कि गौ-पालन व गौ सेवा कार्य महान और अतुलनीय है। गाय में तैंतीस करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है और इससे प्राप्त उत्पाद बहुउपयोगी हैं। गाय का ग्रामीणों और किसानों के लिये काफी अहम स्थान है। वहीं महंत रामसुंदर दास ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पूरे देश में पहली बार छत्तीसगढ़ में प्रारंभ की गई गोधन न्याय योजना को अति उत्तम योजना बताते हुये कहा कि यह मील का पत्थर साबित होगा।गौ-पालकों के लिये यह योजना बहुत ही लाभदायक है। गौ-पालकों के द्वारा अब तक जो गोबर फेंक दिया जाता था, वह अब रुपये प्रदान करने लगा है। गाय के गोबर से निर्मित खाद की जहांँ मांँग बढ़ रही है, गोबर निर्मित दीयों के मांग भी ना सिर्फ भारत बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी होने लगी है। गोधन न्याय योजना ना सिर्फ गौ-पालकों के जीवन स्तर को ऊंँचा करने वाली है बल्कि प्रदेश की अलग पहचान भी राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनी है। इसके पहले गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास ने जाँजगीर चाँपा जिले के बलौदा ब्लाक के पहरिया स्थित चांदी पहाड़ में संचालित गौशाला के निरीक्षण के दौरान कहा कि गौमाता मनुष्य के सामाजिक विकास की प्रक्रिया के प्रारंभ से ही उनके साथ रही है। इसे मनुष्यों ने यहां तक आत्मसात किया कि जब विशेषकर भारतीय सनातन धर्मावलंबियों में दो परिवारों के बीच वैवाहिक संबंध स्थापित होते थे तब उनकी आर्थिक स्थिति की जायजा लेने के लिये लोग उनके गौशाला निरीक्षण किया करते थे , कुछ स्थानों में यह परंपरा अब भी जारी है। गौ माता को हमारे धर्म शास्त्रों में प्राचीन काल से ही लक्ष्मी माना गया है , लक्ष्मी धन की देवी है इसलिये हम सभी को गौ पालन अवश्य करना चाहिये। मानव जीवन के जो चार उद्देश्य बताए गए हैं धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष गौ सेवा से इन उद्देश्यों की पूर्ति अपने आप ही हो जाती है। राजेश्री महन्त जी महाराज चांदी पहाड़ के पश्चात शिवरीनारायण मठ के गाँव कोरबी के कार्यक्रम में भी शामिल हुये थे।

