FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

कुमाऊनी स्वर सम्राट गोपाल बाबू गोस्वामी।

कुमाऊनी स्वर सम्राट गोपाल बाबू गोस्वामी

आज कुमाऊँनी के गायक गोपाल बाबू गोस्वामी जी का जन्मदिन पर विशेष:-

कुमाऊँनी भाषा के महान गायक श्री गोपाल बाबू गोस्वामी जी का जन्म उत्तराखण्ड के गाँव चांदिखेत, अल्मोड़ा जनपद मे २ फ़रवरी, १९४१ को हुआ था। गोस्वामी जी का परिवार एक साधारण और बेहद गरीब था। उनके पिता का नाम मोहन गिरी एंव माता का का नाम चनुली देवी था।
अल्मोड़ा के नन्दादेवी मेले में गीत गाते देख कुमाऊंनी संगीतकार स्वर्गीय ब्रजेन्द्रलाल शाह की नजर उन पर पड़ी। जिसके बाद उन्होने गोपाल बाबू को प्रसिद्ध लोकगायक गिरीश तिवाड़ी गिर्दा के पास भेजा गया। जिन्होने उनके आवाज को तराशा और १९७१ में नैनीताल शाखा में काम कर रहे ब्रजेन्द्रलाल साह जी ने गोपाल बाबू जी को अपने साथ काम पर रख लिया, यह एक तरह की सरकारी नौकरी की तरह ही थी। इसी दौरान गोपाल बाबू ने “कुमाउँनी गानों” के गायन से शुरुआत की और उनके गानों को लोगों द्वारा पसंद किया जाने लगा।
साल १९७६ में उनका पहला कैसेट एच. एम. वी के द्वारा रिलीज किया गया। उस दौर में एक लोकगायक का कैसेट रिलीज होना वह भी एच. एम. वी से एक बहुत बड़ी बात थी। उनके कुमाउँनी गीतों की लिस्ट में “हिमाला का ऊँचो डाना प्यारो मेरो गांव”, “छोड़ दे मेरो हाथा में ब्रह्मचारी छों”, “भुर भुरु उज्याव हैगो”, “यो पेटा खातिर”, “घुगुती न बासा”, “आंखी तेरी काई-काई” तथा “जा चेली जा स्वरास” आदि गीतों को लोगों ने काफी पसंद किया। ये सारे गाने उस दौर में लोगों की जुबांन पर चढ़ गए थे। आम की डाइ मा घुघुती न बासा का गाना उन्होंने अल्मोड़ा में घर के पास ही बाहर खाने बनाते समय सामने आम के पेड़ की डाली में बैठी हुई घुघुती से प्रेरित होकर गाया। उनके कई गानो को उस समय रिकॉर्डतोड़ सफलता मिली। एक किस्म से वह कुमाऊनी गानों के लता मंगेशकर थे। आज भी उनके सुरीली स्वर में गाये गानो को सुनकर कोई भी व्यक्ति कुछ समय के लिए अपने घर,पहाड़ की वादियों में खो जाता है और आनन्द का अनुभव करता है। जा चेली जा स्वरास आज भी लड़की की विदाई के समय किसी के भी आंखों को नम कर देता है। वही स्त्री सौंदर्य हाई तेरी रुमाली में बहुत बखूबी के साथ झलकता है। प्रसिद्ध गायक नरेंद्र सिंह नेगी जी भी गोपाल बाबू गोस्वामी जी के गानों के कायल है। उन्ही के शब्दों में” उनके गाने अंदर से मुझे प्ररित करते है जिससे में और आनंदित होकर गाता हूँ”।
नौकरी के दौरान उन्हें ब्रेन ट्यूमर हो गया जिस वजह से वे लम्बे समय से बीमारी में रहे। जिसके चलते २६ नवंबर १९९६ को इस दुनिया से अलविदा लेना पड़ा। कहा जाता है कि गोस्वामी जी ने १२ वर्ष कि उम्र से गीत लिखने शुरु कर दिये थे। इस तरह अपने लगभग ४२ वर्ष के संगीत करियर में गोस्वामी जी ने ५०० से अधिक गीत लिखे, संगीतबद्ध किये और गाये।

प्रेम प्रकाश उपाध्याय “नेचुरल”
खेती,बेरीनाग,पिथोरागढ़
उत्तराखंड
(लेखक सांस्कृतिक , सामाजिक सरोकारों के अध्येता है)

Share This News