तबलीगी जमात के लोगों की वजह से 14 राज्यों में 647 मामले सामने आए
न्यूज होम लाइव हैल्थ डैस्क
दिल्ली. निजामुद्दीन में मरकज से देश के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले लोगों ने दिक्कतें बढ़ाई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि तब्लीगी जमात के लोगों की वजह से 14 राज्यों में 647 मामले सामने आए हैं। एक गलती की वजह से संक्रमण बढ़ गया। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि एक गलती की वजह से सारी कोशिशें फेल हो सकती हैं। कहा कि हमने राज्यों से कहा है कि डॉक्टरों और नर्सों पर हमला करने वालों से सख्ती से निपटें। इधर, मरकज से निकाले गए एक और संक्रमित की दिल्ली में मौत हो गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मरकज से जुड़े अब तक 3 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। शुक्रवार को ही खबर आई कि तबलीगी जमात के लोगों को निकालने के ऑपरेशन में लगे जवानों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। हालांकि, बाद में दिल्ली पुलिस ने कहा कि 11-12 पुलिसकर्मियों को छुट्टी पर भेजा गया है और यह महज इत्तेफाक है कि ये लोग ऑपरेशन मरकज में भी शामिल थे।

