तलवाड़ी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष समेत 4 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, सचिव और यूआईआर पद पर कड़ा मुकाबला।

थराली (हरेंद्र बिष्ट): स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में छात्रसंघ चुनावों की तस्वीर साफ हो गई है। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पदों के लिए कुल 10 दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए थे। शनिवार को नाम वापसी के दौरान अध्यक्ष पद के दावेदार मोहित सिंह गड़िया ने अपना पर्चा वापस ले लिया। वहीं, अध्यक्ष पद की ही अन्य उम्मीदवार भावना का नामांकन न्यूनतम आयु सीमा की शर्त पूरी न होने के कारण निरस्त कर दिया गया। इसके बाद मैदान में अकेली बचीं कल्पना का अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
इसके अलावा तीन अन्य प्रमुख पदों पर भी कोई प्रतिद्वंद्वी न होने से प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन हुआ:
- उपाध्यक्ष: मोहित सिंह
- सहसचिव: अंजलि
- कोषाध्यक्ष: साक्षी गड़िया
दो पदों पर सीधा मुकाबला
चार अहम पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद कैंपस में चुनावी गहमागहमी काफी हद तक शांत हो गई है। हालांकि, दो पदों पर चुनावी सरगर्मी अभी भी बरकरार है। सचिव पद के लिए प्रमिला और तनुजा आमने-सामने हैं, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UIR) पद के लिए दर्शन कुमार और कृष्णा के बीच सीधा मुकाबला होगा।

