FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

नेपाल में बाढ़ का कहर: 626 की मौत, 320 भारतीयों समेत 2,426 लापता; रेस्क्यू में जुटी 15 हजार से ज्यादा सुरक्षाबल।

नेपाल व्यूरो। 

​पिथौरागढ़। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स के कर्मचारी, आम नागरिक, सुरक्षाकर्मी और बड़ी संख्या में विदेशी शामिल हैं।

​लापता लोगों में 320 भारतीय शामिल

‘द हिमालयन टाइम्स’ के मुताबिक, कुल लापता लोगों में 644 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जिनमें 320 भारतीय नागरिकों का भी पता नहीं चल पाया है। इसके अलावा नेपाल सुरक्षा बलों के 85 जवान (नेपाली सेना के 45, नेपाल प्रहरी के 27 और सशस्त्र प्रहरी बल के 13) तथा विभिन्न हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स के 933 कर्मचारी भी लापता बताए जा रहे हैं।

​चितवन में सबसे ज्यादा मौतें

नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के अनुसार, विभिन्न जिलों से बरामद शवों का विवरण इस प्रकार है:

  • ​चितवन: 233 शव
  • ​नवलपरासी ईस्ट: 154 शव
  • ​गोरखा: 46 शव
  • ​धाडिंग: 40 शव
  • ​नुवाकोट: 37 शव
  • ​तनहुन: 30 शव
  • ​नवलपरासी वेस्ट: 27 शव
  • ​रसुवा: 12 शव

​15 हजार से अधिक जवान राहत और बचाव कार्य में तैनात

प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। NDRRMA के अनुसार, राहत और बचाव कार्य में कुल 15,431 सुरक्षाकर्मी जुटे हुए हैं, जिनमें नेपाली सेना के 6,755, नेपाल पुलिस के 4,473 और आर्म्ड पुलिस फोर्स के 4,203 जवान शामिल हैं।

​4,451 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 4,451 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। इनमें हाइड्रोइलेक्ट्रिक टनल से बचाए गए 191 लोग और एयरलिफ्ट किए गए 517 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 129 विदेशी नागरिकों को भी सुरक्षित निकाला जा चुका है। राहत एजेंसियां दुर्गम इलाकों में लगातार सर्च और रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

Share This News