पाँच सौ शीशी नशीली कप सिरप के साथ चार गिरफ्तार।
पाँच सौ शीशी नशीली कप सिरप के साथ चार गिरफ्तार।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर — नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कार्यवाही करते हुये राजधानी पुलिस शहर में अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली कप सिरप के 500 शीशी कोडिन फास्फेट सिरप के साथ पुलिस ने मेडिकल स्टोर और एम०आर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन आरोपियों के विरूद्ध मौदहापारा थाना में धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्यवाही कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नशे कारोबारियों की शिकायत के मामले में सूचना मिलने पर इस शिकायत को पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अजय कुमार यादव द्वारा गंभीरता से लेते हुये रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कार्य योजना तैयार कर इस पर प्रभावी रूप से अंकुुश लगाने के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में सायबर सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि बाजार पास खमतराई निवासी सुरेश जायसवाल (20वर्ष) पिता चैतराम जायसवाल अपनेे पास अधिक मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप रखा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी के निर्देशन में सायबर सेल की टीम द्वारा सुरेश जायसवाल को पकड़कर उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद किया गया। सिरप के संबंध में पूछताछ करने पर सुरेश जायसवाल द्वारा थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत पहाड़ी चैक स्थित मां दुर्गा मेड़िकल स्टोर से कफ सिरप को क्रय कर लाना बताया गया। जिस पर टीम द्वारा पहाड़ी चैक गुढ़ियारी स्थित मांँ दुर्गा मेड़िकल स्टोर में जाकर मेडिकल स्टोर के संचालक सन्यासीपारा खमतराई निवासी हरीश साहू (20वर्ष) पिता नीलाराम साहू से कफ सिरप रखने एवं बिक्री करने के संबंध में पूछताछ करने पर वह गोल मोल जवाब देकर टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगा तथा प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप रखने/बिक्री करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका एवं उसके कब्जे से भी कफ सिरप बरामद किया गया। हरीश साहू से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अशोक नगर गुढ़ियारी निवासी कुंजी लाल ठाकरे ( 33 वर्ष) पिता फूलचंद ठाकरे से कफ सिरप क्रय करना बताया गया। जिस पर टीम द्वारा कुंजी लाल ठाकरे को पकड़कर पूछताछ करने पर कुंजी लाल ठाकरे द्वारा प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप को हलवाई लाईन मौदहापारा निवासी दीपक खण्डेलवाल (45वर्ष) पिता लक्ष्मीनारायण खंडेलवाल से क्रय कर हरीश साहू के पास विक्रय करना बताया गया। टीम द्वारा दीपक खण्डेलवाल को पकड़कर पूछताछ करने पर बताया कि वह पेशे से एम०आर० है एवं टीम द्वारा उसके कब्जे से भी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद किया गया। प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की खरीदी/बिक्री करने के संबंध में दीपक खण्डेलवाल द्वारा भी किसी प्रकार का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम द्वारा आरोपी हरीश साहू, कुंजी लाल ठाकरे, सुरेश जायसवाल एवं दीपक खण्डेलवाल को पकड़कर इनके कब्जे से अवैध रूप से रखें 500 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप (कोडिन फाॅस्फेट) जप्त किया जाकर अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना मौदहापारा के सुपुर्द किया गया। आरोपियों के विरूद्ध थाना मौदहापारा में धारा 21 एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से इस काले कारोबार में जुड़े अन्य कारोबारियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस काले कारोबार से जुड़े जो भी नाम सामने आयेंगे उन सबके विरूद्ध भी कार्यवाही की जायेगी। नशा का कारोबार करने वाले कारोबारियों के विरूद्ध रायपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

