पिथौरागढ़: कुलागाड़ पुल ध्वस्त, धारचूला–तवाघाट–गुंजी मार्ग पूर्णतः बंद, काली नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में अलर्ट जारी।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश का कहर जारी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते धारचूला–तवाघाट मार्ग पर स्थित कुलागाड़ पुल एक बार फिर ध्वस्त हो गया है। पुल टूटने के कारण क्षेत्र में झीलनुमा पानी एकत्र होने की आशंका बनी हुई है, जिसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
धारचूला–तवाघाट–गुंजी मार्ग ठप
पुल ध्वस्त होने के कारण कल सुबह से धारचूला–तवाघाट–गुंजी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद रहेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी भारी वाहन, यात्री वाहन या अन्य गाड़ियां इस मार्ग की ओर न जाएं।
कोतवाली धारचूला की आमजन से अपील:
सुरक्षित स्थानों पर जाएं: काली नदी के तटवर्ती व निचले इलाकों के ग्रामीण सतर्क रहें। जलस्तर या पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
- नदी-नालों से दूरी बनाएं: नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाने की हिदायत दी गई है।
- घटनास्थल पर न जुटें भीड़: किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आम जनता और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे कौतूहलवश कुलागाड़ पुल या प्रभावित क्षेत्र के पास न जाएं।
पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने सभी नागरिकों से मौसम के मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।

