VDO भर्ती घोटाला: पूर्व CM हरीश रावत के पूर्व OSD पर ED का शिकंजा, ₹1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त।
देहरादून व्यूरो।
देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 2016 में आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPO/VDO) परीक्षा धांधली मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की देहरादून सब-जोनल टीम ने 10 सितंबर को कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व OSD और वर्तमान निजी सहायक चंदन सिंह जीना मुख्य निशाने पर रहे।
तलाशी के दौरान ED ने बड़ी संख्या में अघोषित संपत्ति बरामद की है:
अघोषित नकदी: ₹32 लाख नगद।
सोना व कीमती सामान: लगभग 200.5 ग्राम सोना (13 सिक्के और 7 चेन) तथा 12 महंगी घड़ियां।
फ्रीज बैंक खाते: चंदन सिंह जीना और उनके परिजनों के खातों में जमा ₹52.16 लाख।
कुल जब्ती मूल्य: लगभग ₹1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त व फ्रीज की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, इस घोटाले में आयोग की कस्टडी से OMR उत्तर पुस्तिकाओं को निजी स्थानों पर ले जाकर पैसों के बदले उत्तरों में हेरफेर किया जाता था।
हरीश रावत का बड़ा बयान और इस्तीफे की पेशकश
कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राजनीतिक शुचिता का हवाला देते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की कार्यकारिणी और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की स्थाई आमंत्रित सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है।
”मैं पार्टी पदों से हटना चाहता हूं ताकि मेरे कारण कांग्रेस के संघर्ष को कोई नुकसान न पहुंचे। चंदन सिंह जीना एक विनम्र और मेहनती व्यक्ति रहे हैं। OMR शीट से छेड़छाड़ का आरोप अगर साबित होता है तो मैं अत्यंत लज्जित हूं, हालांकि मुझे इस पर आसानी से विश्वास नहीं होता। चुनावों से ठीक पहले मेरे सहयोगी को निशाना बनाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।”
— हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री
रावत ने अपने कार्यकाल के दौरान हुई 42,000 भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि निर्णय लेने में उनसे कोई भूल हुई है, तो वे जनता से क्षमा मांगते हैं। साथ ही उन्होंने चुनौती दी कि यदि उनके खिलाफ गड़बड़ी का कोई भी प्रत्यक्ष प्रमाण है, तो उसे जांच एजेंसियां सार्वजनिक करें।

