पिथौरागढ़ पुलिस का जन-जागरूकता अभियान: बेरीनाग मेले में हजारों लोगों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स

पिथौरागढ़ संवाददाता।
बेरीनाग मेले में हजारों लोगों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स
बेरीनाग (पिथौरागढ़): डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में प्रसिद्ध बेरीनाग मेला महोत्सव में कोतवाली बेरीनाग पुलिस ने एक व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मेले में पहुंचे हजारों लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) हरीश सिंह कोरंगा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तौर-तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने आमजन को आगाह किया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक विवरण, ओटीपी (OTP), पासवर्ड या संदिग्ध लिंक साझा न करें।
1930 और पोर्टल की दी जानकारी
पुलिस टीम ने मेले में मौजूद लोगों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल सहायता पाने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही मौके पर साइबर सुरक्षा से जुड़े पर्चे (पम्फलेट) भी बांटे गए, ताकि लोग इन सावधानियों को घर-घर तक पहुंचा सकें।
पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी अथवा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि सामने आने पर बिना देरी किए 1930, डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सतर्कता और त्वरित सूचना ही ऑनलाइन ठगी से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।

