पिथौरागढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: नाबालिग से दुराचार का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई।

पिथौरागढ़ व्यूरो।
पिथौरागढ़: जनपद पिथौरागढ़ में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर पुलिस का सख्त रुख जारी है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए थाना थल पुलिस ने नाबालिग बालिका के शारीरिक शोषण के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को थाना थल में नाबालिग बालिका के शारीरिक शोषण से संबंधित तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 5/6 पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत, थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश दी। पुलिस टीम ने बरड़ बैंड (थल) के पास घेराबंदी कर आरोपी हरीश राम (निवासी सत्याल गाँव, थाना थल) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
कार्रवाई में थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट, विवेचक उपनिरीक्षक रजनी आर्या, अपर उपनिरीक्षक दीपक लेखक तथा हेड कांस्टेबल शंकर देवड़ी शामिल रहे।

