पिथौरागढ़ पुलिस का बड़ा कदम: मुनस्यारी के चिमलधार में ग्रामीण साइबर जागरूकता अभियान आयोजित, म्यूल अकाउंट और वित्तीय ठगी से बचाव के दिए टिप्स।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: साइबर अपराधों की रोकथाम और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद पिथौरागढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) द्वारा जारी Annual Cyber Awareness Calendar के तहत पुलिस टीम शहरी और ग्रामीण इलाकों में घर-घर पहुंचकर लोगों को सतर्क कर रही है।
इसी क्रम में कोतवाली मुनस्यारी पुलिस ने मिलम रोड स्थित चिमलधार क्षेत्र में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। मुनस्यारी के थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों को साइबर ठगी के नए और बदलते तरीकों के प्रति आगाह किया।
म्यूल अकाउंट और नए साइबर थ्रेट्स पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बैंक खातों के दुरुपयोग और म्यूल अकाउंट (Mule Account) के माध्यम से होने वाले साइबर वित्तीय अपराधों के बारे में विस्तार से समझाया। लोगों को आगाह किया गया कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम, पासवर्ड या ओटीपी की जानकारी साझा न करें और न ही पैसों के लालच में अपने खाते को किसी दूसरे के इस्तेमाल के लिए दें।
त्वरित शिकायत और राहत के लिए बताए जरूरी पोर्टल
साइबर फ्रॉड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस ने आमजन को महत्वपूर्ण डिजिटल तंत्रों की जानकारी दी:
- GRM (Grievance Redressal Mechanism): साइबर शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया और त्वरित शिकायत दर्ज कराने के तरीकों से अवगत कराया गया।
- MRM (Money Restoration Module): ठगी का शिकार हुए पीड़ितों के खातों से उड़े पैसे को होल्ड कराने और वापस पाने की तकनीकी सहायता प्रक्रिया समझाई गई।
मुनस्यारी पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका या घटना होने पर बिना समय गंवाए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

