पिथौरागढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, जिलाधिकारी ने 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र किए बंद।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 7 सितंबर को पिथौरागढ़ सहित उत्तराखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने 7 सितंबर (सोमवार) को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार, जिले में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज छुट्टी रहेगी।
प्रशासन ने भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए आम जनता और विशेषकर आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।

