पिथौरागढ़ में कैंटर पर पहाड़ गिरा, ड्राइवर, क्लीनर की मौके पर मौत।
न्यूज होम लाइव नेटवर्क टीम…

पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर गुरना के पास पहाड़ी का मलबा कैंटर के ऊपर गिर गया। इस हादसे में कैंटर चालक और क्लीनर की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक आज शाम लगभग छह बजे कैंटर यूके 05सीए1713 पिथौरागढ़ से घाट की ओर जा रहा था। जैसे ही कैंटर गुरना मंदिर के समीप पहुंचा पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर उस पर गिर गया। कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में दब गया, जबकि कैंटर की बॉडी टूटकर खाई की ओर लटक गई। हादसे में हादसे में कैंटर से चालक सूखीढांग निवासी नवीन कुमार (25) और क्लीनर सूरज कुमार (20) की मौत हो गई।
तहसीलदार पंकज चंदोला, एंचोली चौकी इंचार्ज एसआई मोहन बोरा, घाट चौकी प्रभारी एसआई प्रियांशु जोशी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पोकलैंड और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाया जा सका और चालक नवीन कुमार और क्लीनर सूरज कुमार के शव निकाले जा सके। दोनों के शवों को निकालकर मोर्चरी में रखा गया है। आज दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

