पिथौरागढ़ में जल्द तैयार होगा पहला वर्किंग वुमन हॉस्टल, डीएम आशीष भटगाई ने लिया निर्माण कार्य का जायजा।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। कामकाजी महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। शनिवार को जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने नगर में निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को परखा। लगभग ₹4.25 करोड़ की लागत से बन रहे इस हॉस्टल में 50 कामकाजी महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। जिले में अपनी तरह की यह पहली सुविधा है, जिससे दूर-दराज से आकर नौकरी करने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कक्षों का बारीकी से मुआयना किया। कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल (BRIDCUL) के अधिकारियों को खिड़कियों में उच्च गुणवत्ता के मेटल डोर लगाने और निर्माण सामग्री के मानकों का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए।
फिलहाल निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कोई कमी नहीं पाई गई है। इस दौरान जिला स्तर के तमाम अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। हॉस्टल का निर्माण पूरा होते ही नगर में कार्यरत महिलाओं को एक सुरक्षित और सुविधाजनक ठिकाना मिल सकेगा।

