पिथौरागढ़ में 150 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन; SSB जवानों और ग्रामीणों ने 5 लोगों को सुरक्षित निकाला।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित एवं साहसिक बचाव अभियान चलाकर एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। जमतड़ी के समायती गांव के समीप आज शाम एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
जवानों की सतर्कता से मिला जीवनदान
घटना के समय वाहिनी मुख्यालय से चिकित्सा परीक्षण कराकर लौट रहे आरक्षी सामान्य रवि और आरक्षी सामान्य धनदा शेठी ने वाहन को खाई में गिरते देखा। दोनों जवानों ने बिना समय गंवाए ग्रामीणों के साथ खाई में उतरकर राहत कार्य शुरू किया और तुरंत जमतड़ी कैम्प को सूचित किया।
संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी उप निरीक्षक हरी सिंह के नेतृत्व में 10 जवानों की टीम स्ट्रेचर, रस्सी और प्राथमिक उपचार सामग्री के साथ मौके पर पहुंची। अत्यंत दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाई:
- 3 घायलों को त्वरित राहत: प्राथमिक स्थिति में निकाले गए तीन घायलों को नागरिक वाहन से तत्काल जिला अस्पताल, पिथौरागढ़ भेजा गया।
- फंसे 2 लोगों का रेस्क्यू: पिकअप में फंसे अन्य दो व्यक्तियों को रस्सियों व स्ट्रेचर की मदद से खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय निवासियों और SSB के इस समन्वित प्रयास से सभी पांचों सवारों की जान बचा ली गई। सीमा सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और त्वरित आपदा प्रबंधन का यह एक मिसाली उदाहरण है।

