पिथौरागढ़: राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई का उत्तराखंड SC/ST शिक्षक एसोसिएशन ने किया नागरिक अभिनंदन।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA), नई दिल्ली द्वारा शिक्षा प्रशासन में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रथम बार जनपद आगमन पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु नौगाई का जोरदार स्वागत किया गया। उत्तराखंड अनुसूचित जाति/जनजाति शिक्षक एसोसिएशन (जनपद पिथौरागढ़) ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर सम्मानित किया।
एसोसिएशन के प्रचार सचिव गोविंद आर्या ने बताया कि जिलाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनके द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए निरंतर नवाचारों का प्रतिफल है। एसोसिएशन ने उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसोसिएशन के महामंत्री बी.आर. कोहली ने कहा कि नौगाई को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना न केवल पिथौरागढ़ जनपद बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में कनालीछीना ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए भी नौगाई ने नवाचारों के जरिए क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को एक नई मजबूती दी थी।
सम्मान से अभिभूत जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पास वर्तमान में जिले में समर्पित और बेहतरीन शिक्षकों की टीम उपलब्ध है, जिसके बल पर वह पिथौरागढ़ के माध्यमिक विद्यालयों में नवाचार को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि छात्र हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जिले की शैक्षणिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए शिक्षक संगठन उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रांतीय सलाहकार एडवोकेट गिरीश प्रसाद, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार, महामंत्री बी.आर. कोहली, कोषाध्यक्ष प्रकाश मोहन, प्रचार सचिव गोविंद आर्या, आय-व्यय निरीक्षक देव लोहिया, दीप चंद्र कोहली, देवेंद्र टम्टा, और महेश मुरारी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

