गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने आपदा प्रभावितों के विस्थापन को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फकीर राम टम्टा ने आज पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष भटगांई से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर जिलाधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक ने विशेष रूप से ग्राम पंचायत मनगढ़ का मुद्दा उठाया, जो हाल ही में आपदा और भूस्खलन से प्रभावित हुआ है। विधायक ने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन और उनके पुनर्वास की मांग को लेकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन और प्रशासन के सामने मजबूती से उठाना और उनका समयबद्ध समाधान कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। जनता के सुरक्षित भविष्य और राहत के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।

