FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को जिलाधिकारी सख्त, ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता

​पिथौरागढ़। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

​बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को ग्रामीण व मुख्य सड़कों के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर क्रैश बैरियर, पैराफिट, साइन बोर्ड, डेलिनेटर और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। साथ ही निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

​सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश काण्डपाल ने अवगत कराया कि परिवहन विभाग द्वारा आमजन और विद्यार्थियों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जनपद में स्कूल बसों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कर फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई है। इसके अलावा, रेडियो संवाद और पेंटिंग के जरिए भी यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

​जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सड़क सुरक्षा को एक ‘जन आंदोलन’ का रूप देने का आह्वान करते हुए पुलिस, परिवहन, शिक्षा और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।

​बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ह्यांकि, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी, ARTO शिवांश काण्डपाल समेत विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This News