पुरी शंकराचार्य जी द्वारा संस्थापित संगठन की प्रांतीय बैठक कल श्रीजगन्नाथ मंदिर रायगढ़ में
मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जाँजगीर चाँपा — ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा सनातन संस्कृति संरक्षणार्थ एवं राष्ट्र रक्षा हेतु संस्थापित आध्यात्मिक संगठन पीठ परिषद , आदित्य वाहिनी — आनन्द वाहिनी का एक दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन श्रीजगन्नाथ मंदिर रायगढ़ में कल प्रात: 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित है।इस सम्मेलन में मार्गदर्शन हेतु पीठ परिषद , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेशाध्यक्ष आचार्य झम्मन शास्त्री जी तथा आनन्द वाहिनी राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सीमा तिवारी उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि पुरी शंकराचार्य जी धर्म नियंत्रित , पक्षपात विहीन , शोषणविनिर्मुक्त ,सर्वहितप्रद शासन स्थापना तथा सुसंस्कृत , सुशिक्षित , सुरक्षित , संपन्न ,सेवापरायण ,स्वस्थ समाज एवं व्यक्ति निर्माण हेतु राष्ट्र के प्रवास पर रहते हैं । महाराजश्री द्वारा संस्थापित यह संगठन इन पावन संदेशों को जन जन तक पहुंचाने के लिये पूरे राष्ट्र में सक्रिय है। रायगढ़ क्षेत्र में भी पुरी शंकराचार्य जी के धर्मोपदेश को प्रसारित करने तथा इस धार्मिक उद्देश्य व राष्ट्र रक्षा संकल्प तथा संगठन विस्तार के लिये यह आयोजन रायगढ़ क्षेत्र में निर्धारित किया गया है। इसकी जानकारी पीठ परिषद के रायगढ़ प्रभारी डा० बी० डी० दीवान ने दी ।

