पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने एक और सरकारी शिक्षक को बागेश्वर से गिरफ्तार।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क।
देहरादून। पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने हाकम सिंह के जुड़े एक और सरकारी शिक्षक को बागेश्वर से गिरफ्तार किया है। वह अपने क्षेत्र के अभ्यर्थियों को धामपुर ले गया था। उनको प्रश्नों के उत्तर याद कराकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया था। इस मामले में यह 22वीं गिरफ्तारी है।
आयोग ने स्नातक स्तरीय परीक्षा पिछले साल दिसंबर में कराई थी। धांधली की शिकायतों पर बीती 22 जुलाई को मुख्यमंत्री के निर्देश पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी गई। रविवार को एसटीएफ ने बागेश्वर के एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि चांदी खेत, गनाई चौखुटिया, अल्मोड़ा के आरोपी शिक्षक जगदीश गोस्वामी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलसूना, कांडा, बागेश्वर में नियुक्त है। वह मुख्य आरोपी हाकम सिंह के संपर्क में था। एसएसपी ने बताया कि अभ्यर्थियों के बयान, इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के बाद शिक्षक की गिरफ्तारी की गई।

