प्रेमी संग भागी युवती का मिला लटकता शव।
प्रेमी संग भागी युवती का मिला लटकता शव

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बिलासपुर — प्रेमी के साथ शादी करने वाली युवती का शव रहस्यमयी ढंग से फाँसी के फँदे पर लटकते मिला। यह दिल दहला देने वाली घटना हत्या है या आत्महत्या इसे लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को लटकाये जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर आगे की कार्यवाही कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार यह मामला सीपत क्षेत्र का है। तिफरा निवासी रेशमा वर्मा (18 वर्षीया)करीब एक माह पहले अपने प्रेमी रोहित पटेल (22 वर्ष) के साथ भाग गयी थी। बाद में दोनों ने शादी कर ली और फिर ग्राम मोहरा में मटियारी के पास स्थित मकान में रहने लगे। रोहित पहले से शादी शुदा था और दो बच्चों का बाप था। लेकिन प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी रोहित को छोड़कर चली गयी थी। इधर शादी के बाद रेशमा के परिजन भी इस रिश्ते को कबूल कर चुके थे, लेकिन कल जब कई दफा फोन करने के बाद रेशमा से संपर्क नहीं हुआ, तो परिजन ढूंँढते हुये उसे मोहरा के मटियारी पहुंँचे। परिजनों ने घर को बाहर से बंद पाया, जिसमें ताला लटका हुआ था। जिसके बाद पड़ोसियों के मदद से लोगों ने जब घर से अंदर झांँककर देखा तो रेशमा फाँसी के फंँदे में लटके हुई मिली। परिजनों का आरोप है कि रेशमा को पहले मारा गया और फिर उसे फंदे पर लटकाया गया है। शव देखकर मारपीट के निशान चेहरे और शरीर पर नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से ही पति रोहित पटेल का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस को पति पर शक है, जो अभी फरार है।पुलिस युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर आगे की कार्यवाही कर रही है।

