बेरीनाग क्षेत्र पंचायत की बैठक रही हंगामेदार, जनसमस्याओं को लेकर भड़के जनप्रतिनिधि।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग: बुधवार को ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल की अध्यक्षता में आयोजित बेरीनाग क्षेत्र पंचायत की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति और क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा आक्रोश जताया। बैठक में स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, शिक्षा और बिजली विभाग से जुड़ी बुनियादी समस्याओं पर जमकर हंगामा हुआ।
बैठक में पीएमजीएसवाई विभाग के गैरहाजिर रहने पर डीएम को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में पहुंचे विधायक फकीर राम टम्टा ने अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, जिला परियोजना अधिकारी आशीष पुनेठा ने सभी शिकायतों का समाधान एक सप्ताह के भीतर करने का आश्वासन दिया।

प्रमुख जनसमस्याएं और उठे मुद्दे:
- पेजल संकट: ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट ने नगौर में पेयजल आपूर्ति बंद होने तथा बेरीनाग नगर के स्टैंडपोस्टों में हर तीसरे दिन पानी मिलने का मुद्दा उठाया। वहीं कार्कीनगर, उडियारी और चौकोड़ी क्षेत्रों में भी पानी की भारी किल्लत दर्ज की गई।
- खस्ताहाल सड़कें व पुल: थल मार्ग, कोटगाड़ी, हजेती कलाविनायक, पौषा पोस्ताला, पभ्या मंतोली और बडेत बाफिला सड़कें खस्ताहाल होने से आवाजाही और रसोई गैस आपूर्ति बाधित हो रही है। हीपा गांव में सड़क निर्माण न होने की समस्या भी गूंजी।
- स्वास्थ्य सेवाओं में बदहाली: राईआगर और बेरीनाग में आयुर्वेदिक अस्पताल बंद होने, 108 आपातकालीन वाहनों की कमी, पांखू एलोपैथिक अस्पताल में डॉक्टर के हफ्ते में केवल तीन दिन बैठने और आयुष्मान कार्ड के लिए मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की परेशानियां उठाई गईं।
- शिक्षा व बिजली विभाग: जीआईसी कार्कीनगर में विज्ञान वर्ग न होने, कालेटी स्कूल में अंग्रेजी शिक्षक की कमी और दौलाबलिया में जर्जर स्कूल भवन का मुद्दा उठा। चौकोड़ी में बिजली कनेक्शन न मिलने और लटकते तारों व खराब पोलों से हादसे के खतरे पर चिंता जताई गई।
डम्पिंग जोन निरस्त न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
ईग्यारपाली क्षेत्र के नौ ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों ने बाचूर में प्रस्तावित एमआरएफ सेंटर डम्पिंग जोन की भूमि को तत्काल निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
खुलेआम पशु तस्करी पर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
ग्राम प्रधानों ने राईआगर, बेरीनाग, बना, पांखू और कांडे किरौली क्षेत्रों से मैदानी इलाकों में हो रही क्रूर पशु तस्करी पर चिंता जताई। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पुलिस व प्रशासन को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

