मुख्य न्यायाधीश ने किया देश के पहले मोबाईल ऐप “न्याय ” का लाँच।
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बिलासपुर — पीड़ित पक्ष को तत्काल समय पर न्याय दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पी०आर० रामचंद्र मेनन ने देश के पहले मोबाइल एेप ‘न्याय’ का बिलासपुर जिला न्यायालय में लांँच किया। इसमें पीड़िताें को जल्दी न्याय के लिये सभी सूचनायें हासिल होंगी। न्याय ऐप भारत का पहला मोबाइल एप्लीकेशन है जिसके माध्यम से विधिक सेवा की योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है। इसमें सभी आवेदन पत्र, कार्यालयों के नाम-पते, दूरभाष नंबर उपलब्ध हैं। साथ ही ऐसे सभी प्रश्नों के उत्तर हैं जिनके बारे में सामान्य तौर पर पूछा जाता है। जस्टिस प्रशांत मिश्रा ने अधिवक्ताओं से यह ऐप डाउनलोड करने की अपील की और कहा कि इससे पीड़ितों को न्याय के क्षेत्र में आगे बढ़ने का रास्ता मिल सकेगा।
कोर्ट परिसर में मुख्य न्यायाधीश ने राजनांदगांव के बाद प्रदेश के दूसरा एडीआर सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के अतिथि हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे जबकि अध्यक्षता राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस प्रशान्त कुमार मिश्रा ने की। न्याय मोबाइल ऐप के बारे में हाईकोर्ट के कम्प्यूटर सेंटर के रजिस्ट्रार शहाबुद्दीन कुरैशी ने जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्य प्राधिकरण के सदस्य सचिव सिद्धार्थ अग्रवाल, रजिस्ट्रार जनरल नीलम चंद सांखला, न्यायिक अकादमी के डायरेक्टर के एल चरियाणी, जस्टिस गौतम भादुड़ी , जस्टिस मनीन्द्र मोहन श्रीवास्तव , जस्टिस पी०सी०साहू , रजिस्ट्री विभाग के अन्य अधिकारी, न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।

