FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

मोस्टामानू मेले में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, देव डोले के दर्शन को जुटी श्रद्धालुओं की भीड़।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथोरागढ़:  सोर के आराध्य और जन-आस्था, विश्वास एवं समृद्धि के प्रतीक मोस्टा देवता के प्रांगण में मोस्टामानू मेले का भव्य आयोजन किया गया। तड़के से ही मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देव डोला उठते ही पूरा परिसर मोस्टा देवता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान अवतरित देव डांगरों से आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

  • ​मेले में व्यापार और बच्चों के लिए खास आकर्षण

मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाईं। मेरठ के कृषि उपकरण व घरेलू बर्तन तथा चित्तौड़गढ़ से लाए गए उत्पाद श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा ककड़ी, जलेबी, चाट और चाउमीन के स्टॉलों पर भी जमकर भीड़ उमड़ी। बच्चों के लिए लगाए गए रंग-बिरंगे गुब्बारे, खिलौने, मिकी माउस, जंपिंग, नैनो कार और झूले मुख्य आकर्षण रहे। विभिन्न सरकारी विभागों की विकास प्रदर्शनी स्टालों के माध्यम से लोगों ने योजनाओं की जानकारी हासिल की।

  • ​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और योग जागरूकता

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य कलाकार कैलाश कुमार की शानदार प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं स्थानीय कलाकार बबीता देवी, आयुष कुमार, ललित मोहन, इसिता, लक्षिता, मोहन राम, पुष्कर सिंह मारकाना और नारायण सोराड़ी ने अपनी गायकी व नृत्य से समां बांधा। योग शिक्षक अनिल चंद ने मंच पर योग की प्रस्तुति देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

  • ​अतिथि और आयोजक समिति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा और पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

​मेले को सफल बनाने में मेला संयोजक वीरेंद्र सिंह बोहरा, मंदिर कमेटी अध्यक्ष भगवान बिष्ट, सुभाष जोशी, चंद्र सिंह बिष्ट, पंकज बिष्ट, गोविंद सिंह बिष्ट, दिलीप वल्दिया, नवीन भट्ट, गिरीश जोशी, जसवंत सिंह बिष्ट और पूरन पाटनी का विशेष योगदान रहा। मंच का सफल संचालन कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया और ललित शौर्य ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

Share This News