LatestNewsबागेश्वर

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मिली रेडक्रास की जिला कार्यकारिणी … बागेश्वर में बेहतरीन कार्य कर रही है रेडक्रास ….

न्युज होम लाइव व्यूरो कुलदीप सिहः-

बागेश्वर… राज्यपाल और रेडक्रास की प्रदेश अध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने रेडक्रास की जिला कार्यकारिणी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोसाइटी के सदस्यों द्वारा बनाई जा रही ब्लड डायरेक्टरी से रक्त पीड़ितों को बहुत मदद मिलेगी। आपदा पीड़ितों के सहयोग के लिए किए गए कार्यों को भी सराहा। उन्होंने भविष्य में लोक कल्याण की गतिविधियों में तेजी लाने की बात भी कही।
रविवार को लोनिवि विश्राम गृह में भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की जिला कार्यकारिणी के सदस्य राज्यपाल मौर्य से मिले। चेयरमैन अशोक लोहनी ने उन्हें जिले में नई कार्यकारिणी के गठन व उसके बाद अब तक कराए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोसाइटी ने आपदा के समय जिले के नौ प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई। उन्हें टैंट, बर्तन, कपड़े आदि मुहैया कराये। जिले के दो अस्पतालों में जनऔषधि केंद्र खोले जाने की कार्यवाही के बारे में भी बताया। सोसाइटी के जिला सचिव आलोक पांडे ने बताया कि जिले में रक्त पीड़ितों की परेशानी को देखते हुए सोसाइटी ब्लड डायरेक्टरी का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें पांच हजार रक्त दाताओं को शामिल करने की योजना है। अब तक करीब एक हजार लोगों को इस डायरेक्टरी से जोड़ा जा चुका है। दो रक्त पीड़ितों को इसकी मदद से खून भी उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्यपाल ने इस अनूठे प्रयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे रक्त पीड़ितों की परेशानी को कम करने में मदद मिलेगी। पांडे ने जिले के स्कूलों में गठित कराये जा रहे जूनियर रेडक्रास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक एक दर्जन स्कूलों में रेडक्रास का गठन हो चुका है। इससे पूर्व संस्था के सदस्यों ने प्रतीक चिह्न देकर राज्यपाल का स्वागत किया। उनसे जिले में रेडक्रास कार्यालय बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर उपाध्यक्ष संजय साह जगाती, दान सिंह देवली, कुंदन सिंह परिहार, उमेश जोशी, जगदीश उपाध्याय, डा. हरीश दफौटी, डीएल वर्मा, शंकर लाल, सुरेश सती, गोपाल प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Share This News