वरिष्ठ जन समाज के प्रेरणास्रोत, नई पीढ़ी ले उनके अनुभवों से सीख: जिलाधिकारी।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
- अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
- उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिक हुए सम्मानित, नशामुक्त भारत की दिलाई गई शपथ
पिथौरागढ़। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बुजुर्गों को सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ जन हमारे समाज के आदर्श और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन के संघर्ष, तपस्या और दीर्घ अनुभवों से समाज को निरंतर सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है और युवा पीढ़ी को उनके अनुभवों का लाभ उठाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन वृद्धजनों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उन्हें हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण की शपथ दिलाई और एक स्वस्थ व जागरूक समाज के निर्माण के लिए सभी से नशामुक्त अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी हरीश आर्य समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

