FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

श्री नंदादेवी बड़ी जात: कठिन ज्यूरागली मार्ग पार कर शीला समुद्र पड़ाव पहुंची यात्रा, आज होमकुंड में होगी विशेष पूजा।

​गोपेश्वर/थराली (महिपाल गुसाईं/हरेंद्र बिष्ट): प्रसिद्ध श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा 2026 अपने सबसे कठिनतम यात्रा मार्ग को पार करते हुए 16वें एवं तीसरे निर्जन पड़ाव शीला समुद्र पहुंच गई है। अत्यधिक दुर्गम और चुनौतीपूर्ण मार्ग होने के बावजूद, उच्च हिमाचली क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और माता नंदा के प्रति अटूट श्रद्धा के चलते श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। यात्री लगातार भगवती के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

​शनिवार प्रातःकाल यात्रा अपने 15वें पड़ाव पातरनचौनियां से रवाना हुई। इसमें दशोली, बंड और ज्वाल्पा की देव डोलियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों एवं गांवों से आई देव छंतोलियां, चौसिंगा खांडू और हजारों की संख्या में भक्तजन शामिल थे। श्रद्धालुओं ने कैलवाविनायक, रूपकुंड और ज्यूरागली जैसे अत्यंत कठिन व जोखिम भरे पड़ावों को पार कर ग्लेशियर के ऊपर बसे शीला समुद्र पड़ाव में रात्रि विश्राम किया। यहां पूरी रात देवी जागरण के साथ ध्योसिंह एवं लाटू देवता की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

  • ​हल्की बर्फबारी से रोमांचित हुए श्रद्धालु

रूपकुंड से ज्यूरागली और शीला समुद्र की ओर पिछले दिनों हुई हल्की बर्फबारी से यात्री विचलित होने के बजाय और अधिक प्रसन्नचित नजर आए। नंदा भक्तों ने इस बर्फबारी को देवी की विशेष कृपा माना। विशेष रूप से राज्य के बाहर से आए श्रद्धालु, जिन्होंने पहली बार बर्फ देखी, इस अद्भुत दृश्य से बेहद रोमांचित हुए।

  • ​आज होमकुंड में चौसिंगा खांडू को दी जाएगी कैलाश विदाई

रवि रविवार को यात्रा शीला समुद्र से रवाना होकर त्रिशूली एवं नंदा घुघटी हिमपर्वत श्रृंखलाओं की तलहटी में स्थित पंचगंगा होमकुंड पहुंचेगी। यहां विधिविधान के साथ बड़ी जात (माता नंदा की विशेष पूजा) आयोजित की जाएगी। पूजा-अर्चना के बाद माता को भेंट, पवाड़ा और श्रृंगार सामग्री चढ़ाई जाएगी। इसके पश्चात पिछले 16 दिनों से यात्रा की अगुवाई कर रहे चौसिंगा खांडू को कैलाश की ओर सहर्ष विदा किया जाएगा।

​इसके साथ ही यात्रा अपने वापसी मार्ग पर नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ के लिए लौट पड़ेगी और रविवार को अपने 17वें पड़ाव जामुन डाली पहुंचेगी।

  • ​बधाण की देव डोली पहुंची ल्वाणी गांव

दूसरी ओर, सिद्धपीठ देवराड़ा की ओर लौटने वाली बधाण की देव डोली शनिवार को बांक गांव से विदा होकर लोहाजंग होते हुए दोपहर के भोजन के लिए बगड़ीगाड़ पहुंची, जहां देव डोली एवं छतोली की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर हरनी की प्रधान रीता पांडे, क्षेपंस पारी देवी, पूर्व प्रधान गंगा सिंह सुयाल, हरिकृष्ण पांडे, बादल सिंह, मदन सिंह, कलम सिंह और पदम सिंह खत्री सहित स्थानीय ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत व विदाई की। देर शाम यह यात्रा अपने दूसरे पड़ाव ल्वाणी गांव पहुंच गई।

Share This News