संसद परिसर में धरना प्रदर्शन पर लगी रोक।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली – अठारह जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पहले राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने एक नया आदेश जारी करते हुये कहा है कि संसद में किसी भी तरह के धरने की अनुमति नहीं दी जायेगी। सांसद किसी भी प्रदर्शन / धरना / हड़ताल / अनशन या किसी भी तरह के धार्मिक समारोह संसद भवन के परिसर में नहीं कर सकेंगे। राज्यसभा महासचिव ने इसके लिये सदस्यों का सहयोग भी मांगा है। इसके साथ ही लोकसभा स्पीकर से अनुमति लिये बिना किसी भी तरह के लिटरेचर / प्रश्नावली / पैम्फलेट/ प्रेस नोट/ लीफलेट या प्रिंटेड विषय-वस्तुओं के वितरण और परिसर में किसी भी तरह के प्लेकार्ड लेकर आने पर भी पाबंदी लगाई गई है। लोकसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि ये तमाम निर्देश पहले भी जारी किये जाते रहे हैं। लिहाज़ा , इस पर किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिये और सभी सांसदों को तय मानकों का पालन करना चाहिये।
इससे पहले लोकसभा सचिवालय ने बुधवार को संसद के मानसून सत्र से पहले एक पुस्तिका जारी की। इसमें उन शब्दों की लिस्ट है , जिन्हें अब दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में ‘असंसदीय’ माना जायेगा। दरअसल संसद में बहस के दौरान अगर सांसद जुमलाजीवी / बाल बुद्धि /कोविड स्प्रेडर/ स्नूपगेट/ शर्मिंदा / रक्तपात / खूनी / धोखा / शर्मिंदा/ दुर्व्यवहार / चमचा / चमचागिरी / बचकाना / भ्रष्ट/ कायर / मगरमच्छ के आंसू/ अपमान / गधा / गुंडागर्दी / पाखंड / अक्षम / झूठ / असत्य / गदर / गिरगिट/ गुंडे / अहंकार / काला दिन / दलाल / दादागिरी / दोहरा चरित्र / खरीद-फरोख्त / बेचारा / लॉलीपॉप / विश्वासघात / संवेदनहीन / मूर्ख / बहरी सरकार / यौन उत्पीड़न / चिलम लेना / कोयला चोर / ढिंढोरा पीटना / अराजकतावादी / शकुनि / तानाशाही / जयचंद / विनाश पुरुष / खालिस्तानी / बॉबकट / खून से खेती / निकम्मा / नौटंकी जैसे शब्द इस्तेमाल किये जाते हैं तो इन्हें असंसदीय माना जायेगा। बताते चलें कि संविधान के अनुच्छेद 105 (2) के तहत सांसदों को विशेषाधिकार मिलते हैं . सदन के अंदर वे जो भी कहते हैं उसके लिये उन पर मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। इसीलिये लोकसभा के नियम 380 के तहत लोकसभा अध्यक्ष को यह अधिकार है कि वह ऐसे शब्दों को सदन की कार्यवाही से निकाल दे जो असंसदीय , अभद्र या डेफेमेट्री हैं। नियम 381 के तहत असंसदीय कह कर हटाये गये शब्दों को तारांकित करके सदन की कार्यवाही से निकाला जा सकता है।

